यूपी सरकार के मंत्री ने किया सीतापुर का दौरा, कहा- बाढ़ रोकने के लिए तत्पर है प्रदेश सरकार

सीतापुर। प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर व जलशक्ति विभाग मंत्री बलदेव सिंह शनिवार को जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए सीतापुर पहुंचे। मंत्रियों ने अधिकारियों संग समीक्षा बैठक करने के बाद जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया।

यहां इन्होंने सबसे पहले पुलिस लाइन सभागार में डीएम अखिलेश तिवारी समेत तमाम अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले में बाढ़ प्रभावित गांवों के साथ वहां के ग्रामीणों को दी जा रही सरकारी मदद की समीक्षा की। मंत्रियों ने अधिकारियों को आदेश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को किसी प्रकार की समस्या न होने दी जाए। उन्हें राशन सामग्री का समय से वितरण कराना सुनिश्चित किया जाए। अगर कहीं लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि पिछले दो दिनों में नौ जनपदों का भ्रमण किया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रदेश सरकार तत्पर है। गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष पानी अधिक छोड़ा गया है। लेकिन इस साल हालात बेहतर हैं। अभी सब कुछ प्रशासन के नियंत्रण में है। सीतापुर के 41 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें राशन इत्यादि राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। पलायन में पहले की अपेक्षा काफी कमी आई है।

मंत्रियों ने बैठक के बाद जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र तंबौर, रेउसा व रामपुर मथुरा इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। इस दौरान विधायक रामक्रष्ण भार्गव के साथ डीएम अखिलेश तिवारी, एसपी आरपी सिंह, सीडीओ संदीप कुमार, एएसपी उत्तरी डाॅ राजीव दीक्षित समेत जिले के तमाम आला अधिकारियों की मौजूदगी रही।

Back to top button