मौसम विभाग के अनुसार रायगढ़ और ठाणे में बहुत भारी बारिश होने की संभावना…

मायानगरी मुंबई में मानसून की बारिश थमने का नाम ही नहीं ले रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रायगढ़ और ठाणे में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पानी भर गया है, रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है जिससे मुंबईवासियों की परेशानी काफी बढ़ गयी है।

गौरतलब है कि शनिवार से जारी भारी बारिश के चलते रविवार को जब मुंबईकरों की नींद खुली तो महानगर का अधिकतर निचला इलाका बाढ़ की चपेट में नजर आया। यही हाल ठाणे, पालघर, कल्याण, नासिक, रायगढ़ और पुणे का था। मुंबई में औसत 150 मिलीमीटर तो ठाणे-पालघर में 200 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। पटरियों पर पानी भरने से लोकल के साथ ही मेन ट्रेन सेवा बाधित हुई है। वांगनी, जहां कुछ दिनों पहले महालक्ष्मी एक्सप्रेस रात भर अटकी रही थी, उसी स्थान पर मध्य रेल की पटरियों के नीचे की मिट्टी बह गई है। छह ट्रेनों को रद करना पड़ा है और कुछ के मार्ग में बदलाव किया गया है।

नासिक के त्रयंबकेश्वर मंदिर में पानी भर गया है। मुंबई में मीठी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण उसके किनारे रह रहे 400 लोग फंस गए थे। एनडीआरएफ की मदद से इन सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ठाणे के खडावली क्षेत्र में जुहूगांव-नंदखुरी गांव में करीब 38 लोग अपने घरों में करीब पांच फुट ऊंचाई तक पानी भर जाने के कारण फंसे हुए थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के अनुरोध पर वायु सेना के एमआइ-17 हेलीकॉप्टर ने इन सभी लोगों को सुरक्षित निकाला। पुणे में भी खड़गवासला बांध से छोड़े गए पानी के कारण पैदा हुई बाढ़ से बचाने के लिए करीब 500 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने नौसेना और थलसेना से ठाणे-कल्याण क्षेत्र में बाढ़ में फंसे लोगों की मदद करने की अपील की है। साथ ही मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए एनडीआरएफ की छह और टीमों की मांग की है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में मुंबई समेत मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। समुद्र में ऊंचा ज्वार आने की चेतावनी मुंबई महानगरपालिका द्वारा पहले ही दी जा चुकी थी। मौसम विभाग ने भी इसकी चेतावनी दी है और लोगों से समुद्र से दूर रहने की अपील की है।

Back to top button