सपा को मतदान कर अपना वोट बर्बाद न करें मुसलमान: मायावती

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने शनिवार को मुसलमानों से अपील की कि वे एसपी के लिए मतदान कर अपना वोट बर्बाद न करें और बीएसपी का समर्थन करें, ताकि बीजेपी को हराया जा सके.
मायावती ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की नीति से लोग परेशान हैं और दादरी जैसी घटनाओं ने बीजेपी की पोल खोल दी है.
एसपी की निंदा करते हुए मायावती ने कहा कि बाप-बेटे तो अपनी ही राजनीति में फंसे हुए हैं. मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अखिलेश और मुलायम ने टकराव का ड्रामा रचा.
एसपी में मचे घमासान पर तंज कसते हुए बीएसपी सुप्रीमो ने कहा कि आखिर एसपी को कांग्रेस के साथ की जरूरत क्यों पड़ गई?
मयावती ने कहा कि अखिलेश के कार्यकाल में प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है. यूपी में अब तक 500 दंगे हुए हैं. अखिलेश को अच्छे उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं. ऐसे में लगता है अब अखिलेश ही कांग्रेस का चेहरा बनेंगे.





