महाराष्ट्र: पुणे में वारकरियों की जुलूस यात्रा में हादसा, ट्रक ने मारी टक्कर

महाराष्ट्र के पुणे में वारकरियों की ‘वारी’ यात्रा के दौरान एक ट्रक ने श्रद्धालुओं के समूह को टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, सात लोग घायल हुए।

महाराष्ट्र के पुणे जिले में वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्तों) की जुलूस यात्रा जारी है। इस दौरान एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, सात अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना ससवाड-जेजुरी सड़क पर हुई।

पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि नांदेड़ जिले के लोहा से रंगनाथ महाराज के दिंडी (तीर्थयात्रियों के समूह) से संबंधित एक ट्रक ने सांगली जिले के कसबेदिगराज के दिंडी के वारकरियों के एक समूह को बेलसर टोल नाका से लगभग 500 मीटर की दूरी पर जेजुरी की ओर टक्कर मार दी।

बचाव कार्य शुरू
गिल ने बताया, ‘इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, सात अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जेजुरी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’ घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

बता दें कि हर साल, राज्य भर से वारकरी आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर भगवान विट्ठल के मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए सोलापुर जिले के पंढापुर कस्बे में ‘वारी’ जुलूस में यात्रा करते हैं।

Back to top button