मंत्रियों ने संभाला पद… किसी ने कुर्सी को नमस्कार तो किसी ने कराया पूजा-पाठ

पटना.ये कुर्सी आराम की है, लेकिन मुझे तो काम करना है। इस कुर्सी की जरूरत मुझे नहीं हैं। विकास भवन स्थित स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय कक्ष में कदम रखने के बाद मंत्री की कुर्सी को देखते ही मंगल पांडेय ने अपने साथ चल रहे कार्यकर्ताओं से यह बात कही। वे पलभर के लिए कुर्सी निहारते रहे, पर मीडियाकर्मियों और समर्थकों की भीड़ ने उन्हें कुर्सी पर बैठने के लिए मजबूर कर दिया। कहा- विकास की गाड़ी में लग गया है डबल इंजन…
मंत्रियों ने संभाला पद... किसी ने कुर्सी को नमस्कार तो किसी ने कराया पूजा-पाठ
 
इसके पहले स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव आरके महाजन, उप सचिव अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने निचले तल्ले की पोर्टिको में बुके देकर उनकी आगवानी की। मंगल पांडेय पहली बार मंत्री बने हैं। निवर्तमान स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव के समय इस कार्यालय कक्ष की साज-सज्जा की गई है।

ये भी पाढे: नए पैटर्न पर होगी 9900 सिपाहियों की भर्ती, आवेदन आज से, इस आधार पर बहाली

विकास की गाड़ी में लग गया है डबल इंजन
मंगल पांडेय ने कहा कि राज्य के विकास की गाड़ी में डबल इंजन लग गया है। केंद्र व राज्य सरकार। हम राज्य की 11 करोड़ जनता के स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए यहां बैठाए गए हैं। जो चुनौतियां हैं, उसे अवसर में बदलना है। विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का निदान करेंगे। अस्पताल में दवा की नियमित आपूर्ति की व्यवस्था होगी। एनडीए सरकार के प्रथम फेज (चंद्रमोहन राय के मंत्रित्वकाल) को स्वास्थ्य विभाग का गोल्डन काल माना जाता है, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हम डायमंड काल बनाने का प्रयास करेंगे। बाद में उन्होंने विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग की अद्यतन हालात की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।

 
राणा रणधीर : किसान को और सशक्त बनाने पर रहेगा फोकस
सहकारिता मंत्री राणा रणधीर ने कहा कि सहकारिता गांव और किसान से जुड़ा हुआ विभाग है। गांव और किसान को सशक्त बनाने की योजना बनाई जाएगी। मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और गुजरात की तर्ज पर बिहार में सहकारिता विभाग को विकसित किया जाएगा। इन राज्यों में अच्छा काम हो रहा है। इसका अध्ययन किया जाएगा।
 
महेश्वर हजारी की जय, हर हर महादेव का लगा जयकारा
‘महेश्वर हजारी की जय’, ‘हनुमान जी महराज की जय’, ‘शंकर भगवान की जय’, ‘सब देवन की जय’, हर हर महादेव’। यह मंत्रोचार किसी धार्मिक अनुष्ठान या मंदिर-मठ में नहीं, बल्कि राज्य के नए भवन निर्माण मंत्री महेश्वर हजारी के पदभार समारोह में विश्वेश्वरैया भवन स्थित मंत्री कार्यालय कक्ष में सोमवार को हुआ। पूजा अनुष्ठान की सामग्री और पंडितजी के संस्कृत श्लोकों के बीच एकबारगी तो लगा कि सावन की चौथी सोमवारी की पूजा में शामिल हैं। मंत्री के कुर्सी पकड़ते ही सिर्फ समर्थकों ने ही नहीं, विभाग के एक्जीक्यूटिव रैंक के एक अधिकारी ने भी अपने मंत्री का जयकारा किया। मंत्री जी के साथ प्रधान सचिव ने नारियल फोड़कर विभाग की उन्नति की कामना की। बाद में मंत्री ने अधिकारियों के साथ विभाग की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की और सभी लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का नसीहत दी।
 
पूर्व मंत्रियाें के बंगले 30 दिनों में खाली कराएंगे
मंत्री पद संभालने के बाद महेश्वर हजारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज पहला दिन है। समीक्षा करेंगे। पूर्व मंत्रियों के बंगले 30 दिनों में खाली कराए जाएंगे। यही नियम है। पत्रकारों के सवाल पर कहा कि डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को आवंटित 5 देशरत्न मार्ग की साज-सज्जा में अधिक खर्च की गड़बड़ी मिली तो नियम सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
 
विनोद नारायण झा : लोगों को शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा कि निर्धारित अवधि में लोगों को शुद्ध पेयजल पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वच्छ भारत योजना के तहत बिहार को आगे ले जाने की दिशा में दिन रात काम करेंगे। अब तो केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राज्य के विकास की दिशा में निरंतर काम करेगी। विभागीय मंत्री का पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिलों के पानी में आयरन, आर्सेनिक और फ्लोराइड की मात्रा जरूरत से अधिक है। आमतौर पर वहां का पानी पीने योग्य नहीं है। उन्होंने मंत्री बनाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को धन्यवाद दिया। इससे पहले विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने बुके देकर उनका अभिवादन किया।
 
खाद्यान्न निगरानी व्यवस्था को और सख्त बनाया जाएगा : मदन सहनी
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि जन वितरण प्रणाली का लाभ सही लोगों को समय पर मिले, इसके लिए खाद्यान्न निगरानी व्यवस्था को और सख्त बनाया जाएगा। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि पहले से अधिक तेज गति से काम करेंगे। इससे पहले उनके कार्यालय कक्ष में सचिव पंकज कुमार ने गुलदस्ता देकर अभिवादन किया। सहनी ने कहा कि केंद्र से सहयोग मिलने से अब कई तरह की सहूलियत होगी। परिवहन मद का बकाया 1700 करोड़ भी जल्द मिलने की उम्मीद है।
 
किसानों क आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार संकल्पित : दिनेश
लघु जल संसाधन मंत्री दिनेश यादव ने पदभार संभालते ही कहा कि विभाग का मुख्य काम किसानों से जुड़ा है। राज्य सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए संकल्पित है। इसके लिए जरूरी है कि सभी योजनाएं समय पर पूरी हों। विभाग के प्रधान सचिव सुधीर कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस साल विभाग में 395 करोड़ की योजनाएं ली गई हैं। सभी योजनाएं स्वीकृत करा ली गई हैं। पहले टेंडर के स्तर पर थोड़ा विलंब होता था, लेकिन उसे दुरुस्त कर लिया गया है।
 
साकार करेंगे पांच घंटे में राजधानी पहुंचने की परिकल्पना : शैलेश
20 महीने से ग्रामीण कार्य विभाग का कार्यभार संभाल रहे मंत्री शैलेश कुमार ने एनडीए सरकार में मंत्री का पदभार संभालते ही फिर प्राथमिकता गिनाई और कहा- वे बिहार के किसी कोने से 5 घंटे के अंदर राजधानी पहुंचने की परिकल्पना को साकार करने में लगे रहेंगे। इसके लिए उन्होंने आंकड़े भी बताए। कहा- राज्य में कुल 1,29,493 किमी पथों में से 67,656 किमी पथों का निर्माण किया जा चुका है। इससे 68,165 बसावटों को संपर्कता प्रदान की जा चुकी है। 15,318 किमी पथों का निर्माण कार्य प्रगति में है।
Back to top button