भाजपा सांसद चौधरी बाबूलाल के बेटे ने SDM को दी तबादले की धमकी

फतेहपुर सीकरी के भाजपा सांसद चौधरी बाबूलाल के पुत्र पवन चौधरी पर एसडीएम सदर अभिषेक सिंह को धमकी देने का आरोप लगा है। एसडीएम ने इसकी शिकायत डीएम एनजी रवि कुमार से कर दी है। शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा आ रहे हैं। उनके सामने यह मामला उठ सकता है।
अभिषेक सिंह लड़ामदा गांव में जमीन पर कब्जे की शिकायत की जांच करने के लिए गए थे। शिकायत शशांक अग्रवाल ने की थी। आरोप है कि चाहर पेट्रोल पंप के स्वामी ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और स्टे के बावजूद बुधवार रात से निर्माण कार्य कराया जा रहा है ।
शशांक ने जब एसडीएम से इसकी शिकायत की तो वह गुरुवार को इसे रुकवाने पहुंच गए। मौके पर वह काम रुकवाने के बाद चले आए। बाद में सांसद पुत्र पवन चौधरी ने निर्माण करने वाले पक्ष की पैरोकारी के लिए एसडीएम ने फोन किया।
एसडीएम ने जब इनकार किया तो उन्हें शुक्रवार को सीएम योगी से शिकायत कर हटवाने की धमकी दे डाली। इस पर दोनों के बीच गर्मागर्मी हो गई। एसडीएम ने इस पूरे मामले से डीएम को अवगत करा दिया है।





