भाजपा प्रदेश के रैना और अंकुर, अध्यक्ष और इकजुट जम्मू के अध्यक्ष की बढ़ाई गई सुरक्षा….

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना और इकजुट जम्मू संगठन के अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर शर्मा आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के निशाने पर हैं। खुफिया तंत्र की इस सूचना के बाद दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, दोनों को पहले से ही सुरक्षा कवच मिला हुआ है, जिसे पुलिस प्रशासन ने अब और बढ़ा दिया है।

खुफिया जानकारी के अनुसार, जम्मू संभाग में अपनी गतिविधियों को विस्तार देने की कोशिश कर रहे हिजबुल के डिवीजनल कमांडर रियाज नायकू ने कथित तौर अपने ग्राउंड नेटवर्क के जरिए जम्मू में इन दोनों नेताओं की गतिविधियों, कार्यालय और घर की रेकी करवाई है। सूत्रों के अनुसर अंकुर ने अपने संगठन के जरिये बीते कुछ सालों से जम्मू संभाग में जिहादी तत्वों के खिलाफ लोगों को एक साथ लाकर मुहिम चलाई और कठुआ मामले की सच्चाई सामने लाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है, उससे आतंकी संगठन परेशान हैं। इसके अलावा रैना भी आतंकवाद व अलगाववाद के मामले में पूरी तरह मुखर हैं।

आतंकी संगठन इन दोनों नेताओं को निशाना बनाकर जम्मू संभाग में डर व सांप्रदायिक ङ्क्षहसा फैलाना चाहते हैं। पुलिस विभाग ने संबंधित अधिकारियों को लिखित तौर पर सूचित करते हुए सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। इस पत्र में लिखा गया है कि भाजपा नेता और इकजुट जम्मू के चेयरमैन को आतंकी संगठन हिज्ब की तरफ से धमकियां मिल रही हैं।

पहले भी भाजपा नेताओं को निशाना बना चुके आतंकी 

बीते आठ माह के दौरान आतंकी जम्मू संभाग के जिला किश्तवाड़ में भाजपा नेता अनिल परिहार व उनके भाई अजीत परिहार के अलावा आरएसएस नेता चंद्रकांत शर्मा व उनके अंगरक्षक की हत्या कर चुके हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता।

हमारे पास कुछ इनपुट हैं- आइजी

हमारे पास कुछ इनपुट हैं। हम इनकी जांच कर रहे हैं। हमने संबंधित पुलिस अधिकारियों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना और इकजुट जम्मू के अध्यक्ष अंकुर शर्मा की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने का निर्देश दिया है। जम्मू, कठुआ, सांबा, पुंछ और राजौरी के एसएसपी को भी इस बारे में लिखा है, क्योंकि यह दोनों नेता इन जिलों में ही ज्यादा सक्रिय हैं। रैना और अंकुर को पहले से ही पुलिस ने सुरक्षा दे रखी है।

-एमके सिन्हा, आइजी जम्मू

प्रशासन की तरफ से मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई – अंकुर

मैंने भी आज ही सुना है। सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हुआ है। कुछ टीवी चैनलों ने भी इसे प्रसारित किया है। अलबत्ता, प्रशासन की तरफ से मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई है। मुझे लगता है कि यह जिहादी तत्वों की हताशा है। मैं डरने वाला नहीं हूं। मैं जम्मू में इस्लामिक जिहाद और आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाता रहूंगा, लोगों को आतंकवाद व इस्लामिक कट्टरपंथियों के खिलाफ एकजुट करता रहूंगा।

-अंकुर शर्मा, एडवोकेट व इकजुट जम्मू के अध्यक्ष

हम आतंकियों से नहीं डरते। हम आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ अपनी जंग जारी रखेंगे। हम आतंकवाद को कुचल देंगे। हम एक संविधान-एक निशान-एक प्रधान के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले श्यामाप्रसाद मुखर्जी के सिपाही हैं। यह धमकियां हमारे लिए नई नहीं हैं।

Back to top button