आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए कोठी मीना बाजार मैदान में समर्थकों का जनसैलाब उमड़ा है। बुधवार सुबह से ही लोग के आने का सिलसिला जारी है। मोदी की रैली को लेकर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। 
शहर में ऐसी कोई जगह नहीं जहां भाजपा के झंडे नजर न आ रहे हों। वहीं कोठी मीना बाजार में जुटे हजारों लोग प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए लोग बेताब हैं। कुछ ही देर में प्रधानमंत्री मोदी यूपी के राज्यपाल व मुख्यमंत्री के साथ यहां पहुंचने वाले हैं।
कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल बनाया गया है। पंडाल पूरी तरह से आग व पानी से सुरक्षित है। आयोजन स्थल पर मंच के पीछे ही योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए अलग से पंडाल बनाया गया है। इसमें चुनिंदा लोग ही रहेंगे।
रैली स्थल पर कड़ी सुरक्षा
पीएम मोदी की रैली में हिस्सा लेने के लिए मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज समेत आसपास के क्षेत्रों से लोग कोठी मीना बाजार पहुंचे हैं। रैली में बड़ी तादाद में मुस्लिम समाज के लोग भी आए हैं। भीड़ को देखते हुए रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
रैली स्थल पर मेटल डिटेक्टर मशीनें लगाई गई हैं। इनके भीतर से होकर ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है। चेकिंग के लिए महिला पुलिस भी लगाई लगाई गई है। डी के अंदर सुरक्षाकर्मियों के अलावा किसी को प्रवेश नहीं करने दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में तीन हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स भी लगाई गई है। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के कमांडो भी तैनात हैं।
विरोध करने वालों को पुलिस ने पकड़ा
खंडपीठ की मांग को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की रैली में विरोध जताने जा रहे फिरोजाबाद के अधिवक्ताओं को आगरा में कुबेरपुर के पास पुलिस ने रोक लिया। खंडपीठ की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने आज कार्य बहिष्कार किया है। वे नारेबाजी करते हुए फिरोजाबाद दीवानी कचहरी से आगरा के लिए रवाना हुए थे।
वहीं, आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले पुलिस ने मंगलवार शाम को समान अधिकार पार्टी के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उन्हें घर से ही पकड़ लिया। वहीं कई और लोगों को भी पुलिस ने नजर बंद किया है।