बड़ी खुशखबरी: केंद्र सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को लाभ देने का दिया निर्देश

देशभर के सभी राज्यों को अब एमबीए, एमसीए, पीजीडीएम और पीजीडीसीए प्रोग्राम में पढ़ाई कर रहे गरीब छात्रों को ट्यूशन फीस में छूट देनी होगी। केंद्र सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए स्नातक प्रोग्राम, डिप्लोमा कोर्स के साथ अब एमबीए, एमसीए, पीजीडीएम व पीजीडीसीए प्रोग्राम को भी इसमें शामिल किया है। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से नए नियमों के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को लाभ देने का निर्देश दिया है।
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के सदस्य सचिव प्रो. आलोक प्रकाश मित्तल के मुताबिक, केंद्र सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को बड़ी राहत दी है। अभी तक स्नातक प्रोग्राम, डिप्लोमा व पोस्ट डिप्लोमा कोर्स के छात्रों को ही ट्यूशन फीस में छूट दी जाती थी।
एमबीए, एमसीए, पीजीडीएम और पीजीडीसीए प्रोग्राम के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के दाखिला फीस देने में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए नियमों में बदलाव किया गया है। नए नियमों में उन्हीं कोर्स को शामिल किया गया है, जिसमें स्कॉलरशिप और स्टाइपेंड नहीं मिलता है। राज्यों के लिए नए नियम को मानना अनिवार्य है।





