पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी के जन्मदिन पर 25 दिसंबर को राजधानी को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे सहित छह फ्लाईओवरों की सौगात मिलेगी। वहीं, आउटर रिंगरोड के 14.5 किमी लंबे फैजाबाद रोड से कुर्सी रोड तक के भाग पर वाहनों के संचालन के लिए लोकार्पण भी होगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने इसकी तैयारियां के लिए अधिकारियों को सोमवार को निर्देश भी दिए। इस पर एनएचएआई के तकनीकी सदस्य आरके पांडेय और केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव वैभव डांगे ने खुद इन प्रोजेक्टों की जानकारी ली।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर खुद तकनीकी सदस्य और निजी सचिव आउटर रिंगरोड की प्रगति देखने के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने फैजाबाद रोड से लेकर कुर्सी रोड तक का काम भी देखा। इसके बाद तय हुआ कि 25 दिसंबर को इतने हिस्से का लोकार्पण कर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाए। मौके पर एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी एनएच से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
फ्लाईओवरों की डीपीआर देने के लिए कहा
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को शहर के अंदर नहीं आना होगा। इसके लिए एनएचएआई ने स्कूटर इंडिया पर क्लॉवर लीफ फ्लाईओवर की योजना बनाई है। इसकी क्षमता रोजाना 40,000 वाहनों की होगी।
इससे वाहनों को कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से सीधे आउटर रिंगरोड पर जाने के लिए एक्सेस मिल जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रकों को शहर के बाहर से ही दूसरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाने की सुविधा मिल जाएगी।
दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि गृहमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के हस्तक्षेप के बाद रिंगरोड पर तीन फ्लाईओवर्स बनने को सहमति मिल गई है। अब मुंशीपुलिया-सेक्टर 20 चौराहा, टेढ़ीपुलिया चौराहा के अलावा खुर्रमनगर चौराहा पर भी फ्लाईओवर बनेगा।
पीडब्ल्यूडी एनएच के अधिकारियों को इनकी डीपीआर देने के लिए कहा गया है। केंद्रीय सड़क फंड से इसके लिए बजट केंद्र सरकार देगी। औपचारिक अनुमति के बाद 25 दिसंबर के कार्यक्रम में इनका भी शिलान्यास किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर फ्लाईओवर्स की रखेंगे आधारशिला
एनएचएआई के राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रस्तावित तीन फ्लाईओवर्स लखनऊ-रायबरेली, लखनऊ-कानपुर और लखनऊ-सीतापुर हाइवे का शिलान्यास भी 25 दिसंबर को होगा। लखनऊ-रायबरेली हाइवे पर फ्लाईओवर तेलीबाग से शुरू होकर पीजीआई के आगे तक जाएगा। वहीं, लखनऊ-कानपुर हाइवे पर बंथरा मार्केट के ऊपर से फ्लाईओवर गुजरेगा।
तीसरा फ्लाईओवर सीतापुर हाइवे पर इंजीनियरिंग तिराहे पर मौजूद पुल के ऊपर से शुरू होकर आईआईएम तिराहे से आगे उतारा जाएगा। इससे इन जगहों पर हाइवे पर लगने वाले जाम की समस्या का हल निकलेगा। तीनों क्त्रस्लाईओवरों के निर्माण के लिए डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव ने इस अनुमति को जल्दी दिलाने का आश्वासन दिया है।
सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ से कानपुर के बीच बनने वाले 75 किमी लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास भी अटलजी के जन्मदिन पर होना तय हुआ है। लखनऊ में यह नियंत्रित एक्सेस वाला एक्सप्रेस-वे नादरगंज से शुरू होगा।
इसके बाद शुक्लागंज होते हुए ट्रांसगंगा सिटी होते हुए कानपुर के पास चकेरी तक जाएगा। इसके बनने से लखनऊ-कानपुर के बीच आवागमन आसान होगा और लोगों को जाम से भी नहीं जूझना पड़ेगा। वहीं, केवल 40 मिनट में लखनऊ से कानपुर पहुंचा जा सकेगा।
‘लखनऊ में कुल नौ क्त्रस्लाईओवर केंद्र सरकार की मदद से बनने हैं। तीन के शिलान्यास के बाद निर्माण शुरू हो रहा है। वहीं, छह पर प्रक्रिया तेज की गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने इसके लिए निर्देश दिए हैं। 25 दिसंबर को सभी बाकी छह फ्लाईओवर्स का शिलान्यास हो जाएगा। लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास और फैजाबाद रोड से कुर्सी रोड के बीच आउटर रिंगरोड का लोकार्पण किया जाना तय है।’