बारिश के कारण सीरीज गंवा बैठेगा भारत, वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू होगा फीका!

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय आयरलैंड के दौरे पर है जहां शुक्रवार को उसे पहले टी20 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। ये सीरीज दो ही मैचों की है और ऐसे में भारत पर सीरीज हार का खतरा मंडरा रहा है। दूसरा मैच रविवार को बेलफास्ट में ही खेला जाना है। इस मैच में भारत की कोशिश सीरीज बराबर करने की होगी। इस बीच भारत की नजरें मौसम पर भी रहेंगी।

आयरलैंड और इंग्लैंड जैसे देशों का मौसम बदलता रहता है। यहां कभी भी बारिश हो सकती है तो कभी भी खुली धूप आ जाती है। ऐसे में जब भी यहां मैच होते हैं तो सभी की नजरें मौसम पर टिकी होती है। टीम इंडिया नहीं चाहेगी कि उसके हाथ से दूसरा मैच बारिश के कारण निकल जाए नहीं तो उसे आयरलैंड के हाथों पहली टी20 सीरीज हार झेलनी पड़ेगी।

क्या कहता है मौसम?

एक्यूवेदर की रिपोर्ट की मानें तो मैच वाले दिन बारिश के आसार हैं, लेकिन इसका असर मैच पर पड़े इसकी संभावना कम है। रिपोर्ट के मुताबिक कल सुबह हल्की बारिश हो सकती है बाकी पूरे दिन मौसम अच्छा रहेगा। घूप खिलने के साथ-साथ हवा चलने का भी अनुमान है।

यानी इस अनुमान के मुताबिक, बारिश भारत से सीरीज छीनने की कोशिश नहीं करेगी। टीम इंडिया के पास पर्याप्त मौका होगा कि वह अपने दूसरा मैच जीत सीरीज में बराबरी करे और आयरलैंड से सम्मान के साथ विदाई ले।

वैभव सूर्यवंशी का होगा डेब्यू?

वहीं, पहले टी20 में वैभव सूर्यवंशी को खेलता न देख निराश हुए फैंस को दूसरे मैच में खुशखबरी मिल सकती है। वैभव को टीम इंडिया संभवतः मौका दे दे। सभी को इस 15 साल के खिलाड़ी के इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार है। वह पहली बार टीम में आए हैं और उनके डेब्यू करने की संभावना है। हालांकि, नए कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए ये आसान नहीं होगा क्योंकि वैभव को टीम में लाने के लिए उन्हें अभिषेक शर्मा या संजू सैमसन में से किसी एक को बाहर करना होगा।

ये दोनों बल्लेबाज भारत की टी20 वर्ल्ड कप-2026 जीत का अहम हिस्सा थे और ऐसे में इनको बाहर करना काफी सवाल खड़े कर देगा। इसी पशोपेश से कप्तान अय्यर और कोच गौतम गंभीर को जूझना होगा।

Back to top button