बाबरी मस्जिद केस के मुद्दई इकबाल अंसारी के खिलाफ दर्ज किया जाएगा मुकदमा…

बाबरी मस्जिद केस के मुद्दई इकबाल अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। न्यायालय ने थाना राम जन्मभूमि को तीन दिन के अंदर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि तीन सितंबर को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह के ऊपर इकबाल अंसारी के साथ हाथापाई करने का मामला सामने आया था।

तीन सितंबर को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह बाबरी मस्जिद केस के मुद्दई इकबाल अंसारी के घर उनसे मिलने गई थीं। जहां बातचीत के दौरान वो उग्र हो गई थी और इकबाल अंसारी के साथ हाथापाई कर बैठी। इसके बाद जहां इकबाल अंसारी ने सुरक्षा की मांग कर वर्तिका पर मारपीट की तहरीर दी थी वहीं वर्तिका सिंह ने उनके ऊपर धारा 156/3 के तहत जेएम द्वितीय न्यायालय में याचिका दायर की थी। इसमें  उन्‍होंने इकबाल अंसारी पर देशद्रोह समेत कई अन्य मामलों को लेकर याचिका दायर की थी। वर्तिका सिंह की तरफ से सुप्रीम कोर्ट की वकील संगीता सिंह ने पैरवी की।

यह था मामला
बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी और खुद को अंतरराष्ट्रीय शूटर बताने वाली वर्तिका सिंह के बीच तीन सितंबर दिन मंगलवार को झड़प का मामला प्रकाश में आया था। बताया जा रहा है कि वर्तिका सिंह उनके आवास पर मुलाकात करने पहुंची थी और बातचीत के दौरान उग्र हो गईं। झड़प के बीच राम जन्मभूमि थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वर्तिका को हिरासत में ले गई। पूछताछ के बाद वर्तिका को छोड़ दिया गया था। तब इकबाल अंसारी ने वर्तिका सिंह के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी।

वर्तिका ने लगाए थे ये आरोप
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका मूलत: प्रतापगढ़ के ग्राम रायचंद्रपुर की रहने वाली हैं। इन दिनों वह लखनऊ में रहती हैं और लखनऊ से ही अयोध्या पहुंचीं थीं। वर्तिका सिंह ने मीडिया से बात करते हुए अपने पक्ष में कहा कि मैं अयोध्या में रामजी के दर्शन के लिए आई थी। वहां फिर मैंने लोगों से बात कर परेशानी जानी। इस दौरान इकबाल अंसारी से उनकी मुलाकात हुई। मैंने अपना परिचय दिया तो उन्होंने बैठने के लिए कहा। उसके बाद भड़काऊ और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इकबाल अंसारी ने वर्त‍िका सिंह पर धमकाने का आरोप लगाया था। उन्‍होंने कहा था कि वर्त‍िका ने उन्‍हें गोली मारने की धमकी दी थी।

Back to top button