बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद भड़क गए ‘मिस्टर कूल’

ms-dhoni_landscape_1458883966एजेन्सी/टीम इंडिया के टी-20 कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने कूलनेस के लिए जाने जाते हैं। और उनके बारे में माना जाता है कि वह मैच के दौरान मुश्किल सी परिस्थितियों में नाराज नहीं होते, उन्हीं की इस अदा के कारण ‘मिस्टर कूल’ कहा जाने लगा।

टी-20 वर्ल्ड कप के अपने तीसरे लीग मैच में भारतीय टीम को बांग्लादेश की टीम जोरदार चुनौती दे रही थी। मैच के अंतिम ओवर में बांग्ला टीम को जीत के लिए 6 गेंद पर 11 रनों की दरकार थी और धोनी ने हार्दिक पांड्या को निर्णायक ओवर के लिए गेंद थमाया। धोनी के साहसिक रिस्क पर पांड्या खरे उतरे और अंतिम गेंद पर टीम को जीत दिला ही दी।

होली से एक दिन पहले इस रोमांचक जीत के बाद देशभर में दीपावली मनाई जाने लगी, टीम इंडिया भी जोरदार जीत के बाद जश्न के मूड में आ गई थी, लेकिन मैच के थोड़ी देर बाद कुछ ऐसा हुआ जो कभी-कभार ही दिखाई देता है, टीम के कप्तान धोनी अपना आपा ही खो बैठे।बांग्लादेश के खिलाफ एक रन से मिली जीत के बाद कप्तान धोनी पत्रकारों से बात करने प्रेस कॉंफ्रेंस में आए। उन्होंने एक हल्की सी मुस्कान के साथ कक्ष में प्रवेश किया, लेकिन उनकी यह मुस्कान तुरंत काफूर भी हो गई क्योंकि पत्रकारों की ओर से किए गए पहले ही सवाल ने उन्हें नाराज कर दिया।

उनकी इस नाराजगी से हर कोई हैरान हो गया। और शायद धोनी को भी इस सवाल की उम्मीद नहीं रही होगी क्योंकि वह एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीत के बाद यहां आए थे। उन्हें लगा था कि उनसे इस मैच से जुड़े कुछ शानदार सवालों का सामना होगा।

लेकिन एक पत्रकार ने पहला ही सवाल ऐसा दागा कि वह भड़क गए। पत्रकार ने उनसे पूछा, “इस मैच से पहले हम बात कर रहे थे रन रेट सुधारने के लिए टीम इंडिया को एक बड़ी जीत की जरुरत है, लेकिन हमें यहां सिर्फ एक जीत मिली। क्या आप इस जीत से संतुष्ट हैं और?”

पत्रकार अभी अपनी बात पूरी भी नहीं कर पाया था कि धोनी ने उनका सवाल रोकते हुए कहा, “एक समय में सिर्फ एक सवाल।” इसके बाद उन्होंने फिर कहा, “मैं जानता हूं कि आप आज भारत की जीत से खुश नहीं हैं।” इस बीच पत्रकार ने अपनी सफाई देने की कोशिश की लेकिन धोनी ने उन्हें ऐसा करने नहीं दिया।

धोनी ने आगे कहा, “मेरी सुनिए, आपकी मैंने सुन ली। आपका टोन और आपका सवाल, यह दिखाता है कि आप खुश नहीं हैं क्योंकि भारत यह मैच जीत गया। और जब आप एक क्रिकेट मैच की बात करते हैं तो यह एक स्क्रिप्ट नहीं है। यह स्क्रिप्ट जैसा नहीं होता है। आपके पास टॉस हारने के बाद विचार करने का समय होता है कि वो क्या कारण रहे कि हम इस पिच पर ज्यादा रन नहीं बना सके। अगर आप बाहर बैठकर इन चीजों का आकलन नहीं कर सकते तो आपको यह सवाल नहीं पूछने चाहिए।”

धोनी के इस बयान के बाद कुछ देर तक हॉल में खामेशी रही और फिर माइक को दूसरे सवाल के लिए आगे बढ़ा दिया गया।

Back to top button