बहिबलकलां गोलीकांड: बयान दर्ज कराने पहुंचे सुखबीर मान सरकार पर भड़के

साल 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले से जुड़े बहिबलकलां गोलीकांड मामले में पंजाब के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल आज एसआईटी के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाने पहुंचे।

इस दाैरान सुखबीर ने पंजाब सरकार पर निशाना साध। बादल ने कहा कि यह साफ है कि भगवंत मान अकाली दल से डरे हुए हैं और इसलिए ऐसी हरकतें कर रहे हैं। हम भगवंत मान को उनके सभी गुनाहों के लिए ज़िम्मेदार ठहराएंगे। उन्हें इसी जगह पर, उन्हीं पुलिस अधिकारियों के सामने पेश होना होगा और उनसे जवाब-तलब किया जाएगा। आप सरकार को बेअदबी के मामलों में न्याय दिलाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। वह सिर्फ राजनीति कर रही है। उन्होंने मुझे आज इसलिए बुलाया है ताकि मुख्यमंत्री की बेअदबी वाली हरकतों करने की कोशिश से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके।

बादल ने कहा कि ऐसी हरकतें मुख्यमंत्री के प्रति लोगों के गुस्से और तकलीफ को कम नहीं कर सकतीं। शिरोमणि अकाली दल उनके गलत कामों को बेनकाब करता रहेगा और ऐसी चालों से डरेगा नहीं।

एसआईटी ने नोटिस जारी करके सुखबीर को चंडीगढ़ में पूछताछ के लिए पेश होने के निर्देश दिए थे। एसआईटी का यह समन श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के बयान के बाद जारी किया गया था। ज्ञानी रघबीर सिंह ने बहिबलकलां गोलीकांड में सुखबीर बादल की कथित भूमिका पर बयान दर्ज कराया था।

इस गोलीकांड में पुलिस गोलीबारी हुई थी जिसमें दो सिख युवकों की मौत हो गई थी। मामले में अभी एक चार्जशीट दाखिल होना बाकी है। इस बार अकाली दल ने साफ किया है कि यह एक राजनीतिक बदलाखोरी की कार्रवाई है क्योंकि अकाली दल अध्यक्ष का बहिबलकलां फायरिंग की घटना से कोई लेना-देना नहीं क्योंकि वह उस समय देश में नहीं थे।

Back to top button