बचें इसे , विकलांगता और मौत का कारण केवल शराब है , हो सकती है ये बीमारियाँ

 

भारत में हर छह मिनट में एक व्यक्ति की मौत का कारण शराब बन रही है। इनमें 75 फीसद पुरुष और 25 फीसद महिलाएं हैं। इनमें से 20 वर्ष से 39 वर्ष आयु वर्ग के 13 फीसद युवा शराब के कारण मौत और विकलांगता का शिकार हो रहे हैं। पिछले महीने जारी विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ग्लोबल स्टेटस रिपोर्ट ऑन अल्कोहल एंड हेल्थ-2018 में तमाम आंकड़ों को सामने रखते हुए अल्कोहल के इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए कहा है। 

प्रति व्यक्ति शराब का सेवन बढ़ा

रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकतर बीमारियों और दुर्घटनाओं का कारण अधिक अल्कोहल का सेवन है। भारत में पर कैपिटा अल्कोहल का इस्तेमाल बढ़ा है। पिछले दस साल में पर कैपिटा अल्कोहल का इस्तेमाल 2.4 लीटर था, जो बढ़कर पुरुषों में 4.2 लीटर और महिलाओं में 1.5 लीटर हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कुल होने वाली मौतों का 5.3 फीसद कारण शराब साबित हो रही है। 

लिवर को बना रही बीमार

संजय गांधी पीजीआइ के पेट रोग विशेषज्ञ प्रो. यूसी घोषाल कहते हैं कि लिवर सिरोसिस और पैंक्रिएटाइटिस का सबसे बड़ा कारण शराब साबित हो रही है। 

परिवारवालों पर भी पड़ता है असर

शराब की वजह से होने वाली मौतों में 75 फीसदी के करीब शिकार पुरुष होते हैं। रिपोर्ट के अनुसार शराब के हानिकारक परिणामों का प्रभाव न केवल इसका सेवन करने वालों पर पड़ता है, बल्कि उनके परिजनों और समाज के लोगों पर भी विभिन्न बीमारियों के तौर पर पड़ता है। शराब की वजह से लिवर सिरोसिस, कैंसर सहित दो सौ से ज्यादा बीमारियां होती हैं। रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई है कि शराब की लत से 12 से 22 साल तक के युवाओं में शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस की शिकायत हो सकती है। रिसर्च के अनुसार इससे लिवर खराब होने के साथ-साथ ब्रेन डैमेज होने का खतरा भी बना रहता है। यही नहीं, शराब के लगातार सेवन से मस्तिष्काघात, दिल का दौरा और मौत तक हो सकती है।  

 

पीजीआई के गैस्ट्रोइंट्रोलॉजिस्ट प्रो अभय वर्मा ने बताया क‍ि लिवर सिरोसिस के 50 फीसदी मामलों की वजह शराब होती है। इसके अलावा पेनक्रिएटाइटिस के भी 20 से 30 फीसदी मामलों में शराब बड़ा कारण देखा गया है। तंत्रिका तंत्र और दिल की बीमारियां भी इससे बढ़ती हैं।

शराब के साइड इफेक्ट

फीसद      परेशानी या बीमारी

18         सुसाइड

18         आपस में झगड़ा

27         रोड एक्सीडेंट

13         दौरा (मिर्गी)

48         लिवर सिरोसिस

26         मुंह का कैंसर

26         पैंक्रिएटाइटिस

20         टीबी

11         कोलोरेक्टल कैंसर

5          ब्रेस्ट कैंसर

7          उच्च रक्तचाप सहित दिल की अन्य बीमारी

Back to top button