फिलीपींस में मुसलमानों ने एक नए स्वायत्त क्षेत्र को लेकर डाला वोट

फिलीपींस में मुसलमानों ने एक नए स्वायत्त क्षेत्र को लेकर हुए जनमत संग्रह में सोमवार को अपने वोट डाले। दक्षिणी फिलीपींस के एक खास इलाके में हुए इस जनमत संग्रह को 50 वर्षों से चली आ रही अशांति को खत्म करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। बैंगसामोरो नाम के इस इलाके के मुस्लिम नेताओं का दावा है कि स्वायत्त क्षेत्र इस्लामिक स्टेट समूह से प्रेरित आतंकवादियों के उदय पर विराम लगाने का सबसे बेहतर विकल्प है।
मोरो समूह के प्रमुख अल हज मुराद इब्राहिम हमेशा से कहते रहे हैं कि मुस्लिम स्वायत्त क्षेत्र बनाना मिन्दनाओ (अल्पसंख्यक मुस्लिमों के गढ़) में इस्लामिक स्टेट से जुड़े छोटे-छोटे कई कट्टर समूहों के खात्मे का सबसे सटीक तरीका है। माना जा रहा है कि अधिकांश मुसलमानों ने इस इलाके के स्वायत्त होने के पक्ष में ही मतदान किया होगा। यदि नतीजों में भी यही बात सामने आती है तो इस इलाके के मुस्लिम नेताओं को कार्यकारी, विधायिका और राजकोषीय शक्तियां मिल जाएंगी।





