पढ़िए नजर बट्टू का अजब गजब रहस्य !

अक्सर आपने नए नवेले घर के मुख्य द्वार पर एक भयानक या मुस्कुराता हुआ राक्षस का चेहरा टंगे हुए देखा होगा, या फिर किसी नई कार-बाइक के पीछे छोटा सा काला मुखौटा लटकते देखा होगा. इसे आम बोलचाल की भाषा में नजर बट्टू कहा जाता है.अमूमन लोग इसे केवल एक अंधविश्वास या पुरानी परंपरा मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सनातन परंपरा, ज्योतिष शास्त्र और वास्तु शास्त्र में इसका एक गहरा वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व बताया गया है? आइए विस्तार से जानते हैं कि नजर बट्टू क्या है, इसे क्यों लगाया जाता है और क्या वाकई यह किसी के बुरे प्रभाव को रोकने में असरदार है.

नजर बट्टू एक ऐसा सुरक्षा कवच या प्रतीक है, जिसका उपयोग बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा को दूर रखने के लिए किया जाता है. घरों के लिए यह आमतौर पर मिट्टी, प्लास्टिक या धातु से बना एक राक्षस का मुखौटा होता है. वहीं, गाड़ियों के लिए यह छोटे काले कपड़े का मुखौटा या फिर नींबू-मिर्ची का रूप ले लेता है.काला रंग ऊर्जा को अवशोषित करने वाला माना जाता है. इसलिए काला टीका, काला धागा या काली वस्तु नकारात्मक ऊर्जा को अपने अंदर खींचकर उसे खत्म करने का काम करती है.

ध्यान भटकाने के लिए

नजर बट्टू का उद्देश्य यह भी होता है कि किसी की नजर सीधे मुख्य वस्तु (घर या गाड़ी) पर न पड़े, बल्कि पहले उस बट्टू पर जाए. इससे मुख्य वस्तु नजर दोष से बची रहती है.

ऊर्जा संतुलन बनाए रखने के लिए

वास्तु शास्त्र मानता है कि हर वस्तु के आसपास एक ऊर्जा क्षेत्र होता है. नजर बट्टू उस ऊर्जा संतुलन को बिगड़ने से बचाने में मदद करता है.

घर पर नजर बट्टू लगाने का महत्व

घर पर नजर बट्टू लगाने की परंपरा खासतौर पर नए घर या गृह प्रवेश के समय देखी जाती है. मुख्य दरवाजे पर काला निशान या नींबू-मिर्च लटकाने से नकारात्मक शक्तियां अंदर प्रवेश नहीं करतीं यह घर में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में सहायक माना जाता है वास्तु के अनुसार, घर का प्रवेश द्वार ऊर्जा का मुख्य स्रोत होता है, इसलिए वहां नजर बट्टू लगाना ज्यादा प्रभावी माना जाता है.

गाड़ी पर नजर बट्टू क्यों लगाया जाता है ?

नई गाड़ी खरीदने के बाद उस पर काला टीका या नींबू-मिर्च लगाने की परंपरा भी काफी आम है. गाड़ी को दुर्घटनाओं और अचानक होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए, बाहरी लोगों की ईर्ष्या या नकारात्मक सोच से सुरक्षा के लिए और यात्रा के दौरान सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए किया जाता है. कई लोग गाड़ी के पीछे जूता या काला धागा भी बांधते हैं, जिसे नजर दोष से बचाव का उपाय माना जाता है.

क्या सच में नजर बट्टू असर करता है ?

ज्योतिष शास्त्र मानता है कि ऊर्जा और ग्रहों का प्रभाव जीवन पर पड़ता है. ऐसे में नजर बट्टू नकारात्मक ऊर्जा को कम करने का एक साधन हो सकता है. विज्ञान नजर दोष या नजर बट्टू को प्रमाणित नहीं करता. इसे अधिकतर मनोवैज्ञानिक प्रभाव माना जाता है. जब व्यक्ति नजर बट्टू लगाता है, तो उसे मानसिक संतोष और सुरक्षा का अहसास होता है. इससे आत्मविश्वास बढ़ता है, जो सकारात्मक परिणाम दे सकता है. इसी विश्वास की वजह से इसे लगाया जाता है.

Back to top button