प्रयागराज पहुंचकर सीएम योगी ने किए अक्षयवट और सरस्वती कूप के दर्शन, श्रद्धालुओं को दिया ये खास तोहफा

मुख्यमंत्री का विमान सुबह 9.30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर उतरा। वहां से खुसरोबाग जाकर पुनरोद्धार कार्यों का उद्घाटन किया। वहां से मुख्यमंत्री करीब सवा दस बजे चंद्रशेखर आजाद पार्क में अमर उजाला के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद कीडगंज स्थित निर्मल अखाड़ा के संत निवास भवन का उद्घाटन किया।
इसके बाद एक समारोह में सीएम ने स्वच्छाग्रहियों को सम्मानित किया और स्वच्छता किट बांटी। इसी क्रम में संस्कृत विभाग की ओर से कुंभ पर बनी लघु फिल्म एवं काफी टेबल बुक का विमोचन किया। सीएम योगी ने कहा कि, इस कुंभ का विषय स्वच्छ कुंभ, सुरक्षित कुंभ रखा गया है। ताकि इस कुंभ मेला से पूरी दुनिया को एक संदेश दिया जा सके। मेले में एक लाख 22 हजार इको-फ्रेंडली शौचालय स्थापित किए गए हैं और 40,000 से अधिक स्ट्रीट लाइट भी लगाई गई हैं।
सीएम कुछ देर में त्रिवेणी पुष्प, संस्कृति ग्राम, चित्र प्रदर्शनी आदि का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री टेंट सिटी का भी भ्रमण करेंगे। दिन में करीब सवा तीन बजे हंसदेवाचार महाराज के शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद करीब चार बजे वह वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी आदि मौजूद हैं।





