पेट्रोल-डीजल बचत अभियान को बिहार सरकार का समर्थन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 11 मई 2026 को वैश्विक ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईंधन संरक्षण की अपील का असर अब बिहार में भी देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री के आह्वान का सम्मान करते हुए बिहार सरकार के तीन मंत्रियों ने वैशाली जिले के महुआ में आयोजित एक कार्यक्रम में एक ही वाहन से पहुंचकर संसाधन बचत और एकजुटता का संदेश दिया।

महुआ पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह (PHED विभाग), संजय पासवान (गन्ना उद्योग विभाग) और लखेंद्र पासवान (अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग) अलग-अलग काफिलों के बजाय एक ही सरकारी वाहन में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

प्रधानमंत्री की पेट्रोल-डीजल बचाने और विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने की अपील को आगे बढ़ाते हुए तीनों मंत्रियों ने यह पहल की। मंत्रियों ने विभागीय प्रोटोकॉल से ऊपर उठकर कार पूलिंग के जरिए जनता के बीच सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। इस पहल का उद्देश्य सरकारी खर्च में कमी लाना और आम लोगों को भी ईंधन संरक्षण के लिए प्रेरित करना बताया गया।

मंत्री संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशहित में ईंधन के संयमित उपयोग की अपील हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि तीनों मंत्रियों ने एक ही गाड़ी से महुआ जाने का निर्णय लिया ताकि ऊर्जा संसाधनों और विदेशी मुद्रा भंडार की बचत में अपना योगदान दिया जा सके। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार प्रधानमंत्री के ईंधन संरक्षण अभियान के साथ मजबूती से खड़ी है।

बिहार सरकार के मंत्रियों की इस पहल की चारों ओर सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि सत्ता के गलियारों से निकला यह संदेश आम नागरिकों को भी ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा।

Back to top button