खुशखबरी: पुलिस में भर्ती के लिए महिलाओं की तैयारी करवाएगा विभाग

भोपाल। पुलिस में भर्ती होने की इच्छा रखने वाली महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और पुलिस में ज्यादा से ज्यादा भर्ती करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग न सिर्फ महिलाओं को परीक्षा के पैटर्न के बारे में बताएगा, बल्कि लिखित परीक्षा पास होने के बाद फिटनेस परीक्षा की तैयारी भी करवाएगा।

पुलिस में भर्ती के लिए महिलाओं की तैयारी करवाएगा विभाग

यह प्रयोग इस साल से लागू होगा और मई माह में निकल रहे पुलिस कॉन्स्टेबल के 15 हजार पदों पर लागू रहेगा जिसमें महिलाओं का आरक्षण 33 फीसदी है। इसके हिसाब से करीब पांच हजार पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। इस संबंध में पुलिस के चयन व भर्ती विभाग ने एक प्रस्ताव बनाकर डीजीपी ऋषि कुमार शुक्ला को सौंपा था, जिस पर उन्होंने सहमति दे दी।

आरक्षण के बावजूद आधे पद रह गए थे खाली

वर्ष 2016 में 14 हजार 283 आरक्षकों की भर्ती में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के बाद 2041 पदों में 904 ही भर पाए थे। महिलाओं के लिए सामान्य वर्ग में 1270 पद थे, इसमें से 546 महिलाएं ही मिली। वहीं एससी के लिए आरक्षित 280 पद में से सिर्फ 70 महिला आरक्षक ही मिल पाई। इधर, एसटी में 333 पदों के एवज में 243 महिला आरक्षक मिली जबकि ओबीसी में 85 पद में से सिर्फ 45 महिला आरक्षक मिल पाई थी। इस स्थिति को बदलने के लिए यह प्रयोग किया जा रहा है।

पुलिस ग्राउंड में दी जाएगी ट्रेनिंग

सूत्रोें के अनुसार पुलिस के चयन व भर्ती विभाग ने जो प्लान पुलिस मुख्यालय को सौंपा है उसमें एनजीओ की मदद लेकर ट्राइबल व ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को पुलिस में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित करवाया जाएगा।

यह भी पढ़े:  फेसबुक पर परवान चढ़ा प्‍यार का, मुलाकात हुई तो युवती ने निगला जहर

इसके साथ ही उन्हें परीक्षा पैटर्न से भी वाकिफ करवाया जाएगा, जिससे परीक्षा को लेकर उनके मन में व्याप्त भय दूर हो सके। वहीं जो महिलाएं लिखित परीक्षा पास कर लेंगी उन्हें जिलों के पुलिस मैदान में फिटनेस परीक्षा को लेकर ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

जागरूकता का अभाव

फोर्स में महिला पुलिसकर्मियों की कमी है। यह देखा गया है कि महिलाओं में जागरूकता का भी अभाव है। यही वजह है कि इस बार उन्हें परीक्षा के पैटर्न समझाने से लेकर फिटनेस परीक्षा की तैयारी करवाने का प्लान है। प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, एडीजी पुलिस चयन व भर्ती

 

Back to top button