पीएम मोदी के आने से पहले पूरे हों कुंभ से जुड़े सभी बड़े काम: मुख्य सचिव

मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने मंगलवार को कुंभ के कार्यों की समीक्षा तथा निरीक्षण किया। उनका पूरा जोर भव्यता और गुणवत्ता के साथ समय से काम पूरा करने पर रहा। उन्होंने अफसरों को बार-बार हिदायत दी कि सात दिसंबर को प्रधानमंत्री के आगमन की संभावना है। इससे पहले सभी बड़े काम पूरे कर लिए जाएं, ताकि उनसे उन परियोजनाओं का उद्घाटन कराया जा सके। उन्होंने अस्थायी कार्यों को छोड़कर अन्य सभी काम 15 दिसंबर तक पूरा कर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने चेताया कि यदि कार्यों की गुणवत्ता में खामी मिली तो जिम्मेदार अफसरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पीएम मोदी के आने से पहले पूरे हों कुंभ से जुड़े सभी बड़े काम: मुख्य सचिव

बैठक और निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव के साथ स्थानीय अफसरों के अलावा लोक निर्माण विभाग के सचिव  रंजन कुमार, नगर विकास सचिव  अनुराग यादव भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने बैठक के शुरू में ही अवगत कराया कि  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दो दिसंबर को आगमन निर्धारित है। इसी क्रम में सात दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम संभावित है। वह फ्लाईओवर तथा अन्य बड़े कार्यों का उद्घाटन भी करेंगे। उन्हें इसे ध्यान में रखकर समय से काम करने के लिए कहा। मुख्य सचिव ने विभागवार हर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। 

लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में 16 कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। मुख्य सचिव ने सेतु निगम तथा रेलवे के अफसरों से फ्लाईओवर, आरओबी निर्माण की बाबत जानकारी ली और समय से काम पूरा करने का निर्देश दिया। रेलवे के अफसरों ने बताया कि रेलवे ओवर ब्रिज एवं रेलवे अंडर पास के काम निर्धारित समय पर पूरे लिए जाएंगे। उन्होंने नगर निगम के कार्यों की समीक्षा के साथ अफसरों को सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के लिए कहा गया। मुख्य सचिव ने कहा कुंभ के कार्यों को प्राथमिकता पर लें। प्रयागराज में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को शहर बदला हुआ नजर आना चाहिए। साथ में उन्हें किसी तरह की असुविधा भी नहीं होनी चाहिए। 

मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल का कहना था कि सात दिसंबर को प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए काम किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्य सचिव को बताया कि स्थायी निर्माण में 75 फीसदी काम पूरे हो चुके हैं। 30 नवंबर तक 90 और पांच दिसंबर तक 95 प्रतिशत काम पूरे कर लिए जाएंगे। 15 दिसंबर तक  करीब स्थायी काम पूरे कर लिए जाएंगे। बैठक में एडीजी एसएन साबत, आईजी मोहित अग्रवाल, प्रभारी डीएम सीडीओ सैमुअल पॉल एन., मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, डीआईजी मेला केपी सिंह आदि मौजूद रहे।

Back to top button