पिछले कई घंटों से लगातार होती बारिश ने मुंबई के लोगों की बढ़ा दी मुश्किलें

पिछले कई घंटों से लगातार होती बारिश ने मुंबई के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश की वजह से मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया। इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश की वजह से कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं, जो अपने निश्चित समय से करीब एक घंटे की देरी से उड़ान भरेंगी।
इस बीच मौसम विभाग ने आज (शनिवार) भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानकारी के मुताबिक 11 उड़ानों को रद कर दिया गया है, जबकि 8-9 फ्लाइट्स के रूट डायवर्ट किए गए हैं। इसके अलावा बारिश की वजह से रेल सेवा भी प्रभावित हुई है। मुंबई के बदलापुर स्टेशन के ट्रैक पर पानी भर गया है, जिसके चलते कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।
क्षेत्रीय मौसम विभाग ने जारी किया था ऑरेंज अलर्ट
इससे पहले महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को ठाणे और पुणे में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी मुंबई समेत ठाणे और रायगढ़ में भारी बारिश की संभावाना है। इसके पहले 26 और 28 जुलाई के लिए पालघर में रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है। बता दें कि मॉनसून की विभिन्न स्थितियों के लिए रेड से लेकर ऑरेंज तक अलग-अलग अलर्ट जारी किए जाते हैं। इनमें ऑरेंज अलर्ट अधिकारियों को गंभीर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का सिग्नल होता है।
मुंबई के मटुंगा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण जलभराव, देखें वीडियो
मुंबईकर को कई इलाके जलमग्न नजर आए। सड़के, रेलवे पटरियां व निचली बस्तियां पानी में डूबी हुई हैं। पश्चिम व मध्य रेलवे की उपनगरीय लोकल ट्रेनों पर भी असर पड़ा है। परेल, दादर, वडाला, कुर्ला, सॉयन, तिलक नगर, अंधेरी, सांताक्रूज, खार, गोरेगांव, मलाड में सड़कों पर बाढ़ से हालात बन गए हैं। इससे ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित है।
बारिश के चलते मुंबई में ट्रेनों का आवागमन बुरी तरह ध्वस्त है। मुंबई-पुणे रेल रूट अगले कुछ दिनों तक प्रभावित रहेगा। ट्रेनों के लिए मुंबई डिवीजन कई बुनियादी ढांचे के काम कर रही है। इससे पहले भी मौसम विभाग ने मुंबई में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी कर दिया था। भारी बारिश के बाद बीएमसी के कर्मचारी जगह-जगह पानी को निकालते दिखाई दिए। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया।
लोगों को सतर्क रहने के निर्देश
विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, 27 जुलाई से भारी बारिश की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि ऐसी परिस्थिति में पुराने ढांचों या मकान की दीवार ढहने की घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। बता दें कि राज्य में बीते दिनों दीवार गिरने की वजह से कई लोग घायल हो गए थे। ऐसे हादसे में कई लोगों की जान भी चली गई थी।
मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाकों के लिए भारी बारिश की चेतावनी है। इससे पहले राजधानी में कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग कहना है आगामी कुछ दिन राजस्थान के लिए खतरा बन सकते है।
यूपी में रूक-रूक कर हो रही बारिश
यूपी की राजधानी लखनऊ सहित इसके आस-पास इलाके में रूक-रूक कर हो रही बारिश ने लोगों को कुछ उमस भरी गर्मी से निजात दिलाई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घण्टे में बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से मानसूनी बारिश का माहौल बन रहा है। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश की कई बौछार पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिर सकती है। अगले 48 घण्टों में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में भी रिमझिम बारिश
वहीं दिल्ली में लोग अभी भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। आईएमडी ने कहा था कि दिल्ली-एनसीआर में 25 और 26 जुलाई को भारी बारिश के आसार हैं, और इसे देखते हुए रेड अलर्ट भी जारी किया गया था। हालांकि अभी यहां रिमझिम बारिश हो रही है। दिल्लीवासियों की शुक्रवार सुबह की शुरुआत उमस भरे मौसम के साथ हुई थी।
जम्मू-कश्मीर में मध्यम से तेज बारिश की संभावना
इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर शुक्रवार को खराब मौसम होने के कारण अमरनाथ यात्रा आज के लिए स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने कहा कि लगभग 300 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब मौसम के कारण आज घाटी की तरफ किसी भी यात्री वाहन को जाने की अनुमति नहीं है। मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू क्षेत्र में 29 जुलाई तक मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार
मानसून के सक्रिय होने के साथ ही बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से पूरे प्रदेश में झमाझम बरसात का दौर शुरू होने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार से बरसात की गतिविधियों में तेजी आएगी। साथ ही बारिश का दौर रुक-रुक कर 4-5 दिन तक जारी रह सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बरसात भी हो सकती है।
इन राज्यों में बना है उपरी हवा का चक्रवात
शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाके में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। मानसून ट्रफ (द्रोणिका लाइन) फलौदी, अलवर, आगरा, बांदा, गया पुरलिया से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। इसके अतिरिक्त एक दक्षिणी हरियाणा और उससे लगे पश्चिमी उत्तरप्रदेश पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इन सिस्टम की वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मानसून को लगातार ऊर्जा मिल रही है। साहा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से शनिवार से राजधानी सहित पूरे प्रदेश में अच्छी बरसात होने की संभावना है। बारिश का यह दौर प्रदेश के कुछ स्थानों पर 4-5 दिन तक जारी रह सकता है।





