पाकिस्‍तान के लिए कथित जासूसी करने के आरोप में जम्‍मू से दो लोगों को किया गिरफ्तार

पाकिस्‍तान के लिए कथित जासूसी करने के आरोप में जम्‍मू से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन दोनों संदिग्‍ध जासूसों को उस वक्‍त गिरफ्तार किया, जब ये रतनुचक सैन्‍य शिविर के बाहर वीडियो और फोटो ले रहे थे। सैन्‍य अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध जासूसों को पुलिस के हवाले कर दिया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्‍ध जासूसों में से एक कठुआ, जबकि दूसरा शख्‍स डोडा का रहने वाला है। दोनों को वहां तस्वीरें लेते और सैन्य अड्डे का वीडियो बनाते देखा गया। उन्हें पूछताछ के लिए तुरंत हिरासत में ले लिया गया। बताया जा रहा है कि रतनुचक सैन्य स्टेशन के पास परमंडल मोड़ पर सेना के एक गश्त दल ने दोनों की संदिग्ध गतिविधियां देखी और दल ने दोनों पर नजर बनाए रखी और कुछ देर बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।

बताया जा रहा है कि संदिग्‍ध जासूसों के मोबाइल फोन की जांच करने पर यह पता चला कि दोनों पाकिस्तान में कुछ लोगों के लगातार संपर्क में थे और उन्होंने गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले उनके साथ कुछ वीडियो भी शेयर किया था। अधिकारियों ने बताया दोनों पाकिस्‍तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के लिए काम करते हैं।

Back to top button