पंजाब कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मायूसी दूर करने के लिए जल्‍द ही करेगा नई नियुक्तियां

पंजाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में छाई मायूसी दूर करने की तैयारी कर रही है। लोकसभा चुनाव में ‘मिशन 13’ से चूकने के बाद कांग्रेस अब पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मायूसी दूर करने में जुट गई है। जालंधर, अमृतसर, पटियाला और लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में चेयरमैन बनाने के बाद अब बोर्ड व निगमों के चेयरमैन नियुक्त करने की तैयारी हो चुकी है। कैप्‍टन अमरिंदर सिंह सरकार राज्य की 160 के करीब मार्केट कमेटियों का गठन भी करने जा रही है। मार्केट कमेटियों की तैयारी शुरू होते ही मायूस दिखाई दे रहे पार्टी नेता सक्रिय नजर आ रहे हैं।

इसी हफ्ते जारी हो सकती है बोर्ड-कारपोरेशन के चेयरमैन की लिस्ट

सरकार ने जिला परिषद व पंचायत समितियों में आरक्षण करके चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनाने की तैयारी में है। 15 जुलाई से पहले इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, साथ ही लंबे समय से खाली पड़ी मार्केट कमेटियों में भी कार्यकर्ताओं को एडजस्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। महत्वपूर्ण यह है कि मार्केट कमेटियों के चेयरमैन व सदस्यों में सरकार ने सबसे ज्यादा तरजीह विधायकों को दी है। विधायक की सिफारिश पर ही चेयरमैन लगाए जा रहे हैं। सरकार ने यह कदम भी इसलिए उठाए हैं, ताकि विधायकों की नाराजगी को भी दूर किया जा सके।

वहीं, सरकार इसी सप्ताह बोर्ड और निगमों के चेयरमैन की तैयारी में है। इनमें पहले उन नेताओं को एडजस्ट किया जाएगा, जिन पर राहुल गांधी ने अपनी स्वीकृति दे दी है। गौरतलब है कि जनवरी में राहुल गांधी ने 16 नामों को अपनी स्वीकृति दे दी थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के कारण सरकार ने इस लिस्ट को रोक लिया था, ताकि चुनाव में नाराजगी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक अगले दो-तीन दिन में चेयरमैनों की लिस्ट जारी कर दी जाएगा। हालांकि, यह लिस्ट दो चरणों में ही जारी करने की संभावना है।

मार्केट कमेटियों पर फैसला 19 जुलाई के बाद

मार्केट कमेटियों के बारे में फैसला 19 जुलाई के बाद होगा। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ इन दिनों विदेश गए हुए हैं। उनके वापस आने के बाद ही मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन की लिस्ट जारी की जाएगी। हालांकि, गुरदासपुर से लोकसभा चुनाव हारने के बाद जाखड़ ने प्रदेश प्रधान के पद से इस्तीफा दे दिया है। तब से ही वह पार्टी की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि मार्केट कमेटी की लिस्ट जारी करने से पहले पार्टी सुनील जाखड़ से सहमति लेगी।

Back to top button