नशा मुक्त अभियान का असर: अनंतनाग में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की ओर से शुरू किए गए 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत अनंतनाग पुलिस ने पहले दो महीनों में 172 प्राथमिकी दर्ज कीं। साथ ही 156 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।अनंतनाग पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और नशाखोरी के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार विभिन्न अभियानों में 323.5 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए गए जबकि नशा तस्करी से जुड़े 26.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।
आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करते हुए पुलिस ने 29 मामलों में लगभग 12.5 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त कीं। इसके अलावा नशा तस्करी से अर्जित करीब 3.76 करोड़ रुपये मूल्य की चार संपत्तियों को ध्वस्त किया गया। इस तरह कार्रवाई की गई कुल संपत्तियों का मूल्य लगभग 16 करोड़ रुपये पहुंच गया।
पुलिस ने लगभग 350 मरला भूमि पर फैली अवैध नशीली फसलों को नष्ट किया तथा सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 1,606 किलो से अधिक मादक पदार्थों को नष्ट किया।नशा तस्करों के अवैध कब्जे से 300 मरला से अधिक सरकारी भूमि भी मुक्त कराई गई। अभियान के दौरान तीन महिला नशा तस्करों और चार महिला अवैध खेती करने वालों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, तीन सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस ने आदतन अपराधियों और बड़े तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 119 नशा तस्करों पर निवारक कार्रवाई की जबकि तीन कुख्यात तस्करों को पिट-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया।नशे से जुड़े मामलों में 17 ड्राइविंग लाइसेंस और नौ वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र रद्द किए गए। जिले भर में 180 नार्को-सीएएसओ (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाए गए ताकि नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण पर रोक लगाई जा सके। दवाइयों की बिक्री पर निगरानी के तहत पुलिस और संबंधित विभागों ने 51 मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया जिनमें 16 उल्लंघन पाए गए और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
अनंतनाग पुलिस ने नशीले पदार्थों को छिपाने और वितरण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो नशीले पदार्थों के ठिकानों का भी भंडाफोड़ किया। इसके अलावा एनडीपीएस मामलों की जांच को और प्रभावी बनाने के लिए 124 जांच अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।





