धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी कस्बे में दर्शन करने आई दिव्यांग नाबालिग दुष्कर्म, पीड़िता की मौत

राजस्थान में दौसा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी कस्बे में गत 28 जुलाई को दुष्कर्म की वारदात की शिकार हुई दिव्यांग नाबालिग की शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में मौत हो गई। पीड़िता पांच दिनों तक अस्पताल में भर्ती थी। पीड़िता की हालात इतनी गंभीर थी कि गत पांच दिनों में वह अपने बयान तक भी पुलिस को दर्ज नहीं करा पाई।
29 जुलाई को पीड़िता के पिता ने मेहंदीपुर बालाजी पुलिस थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, लेकिन आरोपित अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। नाबालिग पीड़िता दिव्यांग थी। वह अपने परिजनों के साथ बिहार के गोपालगंज से मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन के लिए आई थी। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने नाबालिग और उसके पिता से जान पहचान बना ली। बाद में स्थानीय व्यक्ति ने 28 जुलाई को मेहंदीपुर बालाजी कस्बे में स्थित धर्मशाला में दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपित ने जिस समय नाबालिग से साथ दुष्कर्म किया उस समय उसके माता-पिता धर्मशाला से बाहर गए हुए थे। दौसा पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद सिंह ने बताया कि मामले की जांच मानपुर पुलिस उप अधीक्षक कर रहे है। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया गया है। आरोपित फिलहाल फरार है। पिड़िता के पिता उसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दे पा रहे है। हालांकि मौत से पूर्व पीड़िता के बयान दर्ज नहीं होने के कारण घटना के वास्तविक पहलुओं का अभी तक पता नहीं चल पाया है।





