दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर पीक आवर्स में आठ अतिरिक्त फेरे शुरू

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। अब पीक आवर्स में नमो भारत ट्रेनों की 8 अतिरिक्त फेरे शुरू कर दी गई हैं। दिल्ली-मेरठ क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) पर हाल के दिनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
नई समय-सारिणी के अनुसार सुबह आठ से 11 बजे के बीच पीक आवर्स में चार अतिरिक्त फेरे लगाई जाएंगी। वहीं, शाम के पीक आवर्स में पांच से सात बजे के बीच सराय काले खां से लेकर मेरठ दक्षिण स्टेशन के बीच चार और अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। अतिरिक्त सेवाओं को पूरा करने के लिए, दो अतिरिक्त ट्रेनें शुरू की गई हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में इस कॉरिडोर पर रोजाना औसतन लगभग एक लाख यात्री यात्रा कर रहे हैं। अधिकारी के अनुसार, बढ़ती यात्रियों की संख्या यह दिखाती है कि लोग नमो भारत को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा विकल्प के रूप में तेजी से अपना रहे हैं। यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए शुरू की गई इन अतिरिक्त सेवाओं का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत बनाना है।
यूपीएससी परीक्षा के दिन पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर सुबह छह बजे से चलेंगी मेट्रो
यूपीएससी की ओर से सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 का आयोजन 24 मई को किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से 24 मई को चुनिंदा दिल्ली मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सामान्य से पहले शुरू की जाएंगी। डीएमआरसी के एक अधिकारी के अनुसार, इस रविवार को लाइन 7 (पिंक लाइन), लाइन 8 (मैजेंटा लाइन) और लाइन 9 (ग्रे लाइन) के सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं सुबह छह बजे से शुरू होंगी। आमतौर पर रविवार को इन लाइनों पर सेवाएं सुबह सात बजे शुरू होती हैं, लेकिन इस बार एक घंटे पहले संचालन किया जाएगा। इन लाइनों पर 15-15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलेंगी, जिसके बाद रविवार की सामान्य समय-सारिणी लागू रहेगी। अधिकारी ने बताया कि यह विशेष व्यवस्था उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचाने और यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से की गई है।





