दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दौड़ती गाड़ी बनी आग का गोला; चालक ने कूदकर बचाई जान

दिल्ली-जयपुर हाईवे-48 पर दहमी गांव के पास एक केन्ट्रा वाहन में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, कोई जनहानि नहीं हुई।
कोटपूतली-बहरोड़ से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-48 पर दहमी गांव के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक केन्ट्रा वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।
चालक ने गाड़ी से कूदकर बचाई जान
घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आसपास मौजूद लोगों ने भी तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वाहन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि गाड़ी में रखा सामान भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों ने जब जलती हुई गाड़ी देखी तो कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात प्रभावित हुआ।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। आग की घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को दोबारा सुचारू कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





