दिल्ली के स्कूल में दर्दनाक हादसा: तीसरी कक्षा की छात्रा कक्षा में बेहोश होकर गिरी

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। स्कूल की तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय बच्ची कक्षा के दौरान अचानक अचेत होकर गिर पड़ी। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पांडव नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 की सुबह करीब 09:52 बजे पुलिस को सूचना (पीसीआर कॉल) मिली कि लवली पब्लिक स्कूल की तीसरी कक्षा की एक छात्रा को निर्माण विहार स्थित अस्पताल लाया गया है, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है।

सीसीटीवी में अचानक गिरती दिखी बच्ची
घटना के बाद पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और प्रारंभिक पूछताछ के दौरान बच्ची की कक्षा का सीसीटीवी फुटेज खंगाला। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि पढ़ाई के दौरान बच्ची अचानक अपनी सीट से नीचे अचेत होकर गिर गई।

परिजनों और स्कूल प्रशासन के दर्ज होंगे बयान
पांडव नगर थाना पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि बच्ची की मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रशासन के अधिकारियों व शिक्षकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही कक्षा के अन्य सीसीटीवी फुटेज और संबंधित साक्ष्यों का भी बारीक से अध्ययन किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।

Back to top button