तो इसलिए सोने की कीमत में हुई बढ़ोतरी, चांदी भी चमकी

सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ने से सोने की कीमत में 300 रुपए का इजाफा हुआ है। कीमत में वृद्धि से सोना 300 रुपए बढ़कर 33,870 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इसके साथ ही चांदी की कीमत में भी वृद्धि दर्ज की गई है। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के द्वारा खरीदारी बढ़ाए जाने से चांदी में यह उछाल आया है।
व्यापारियों के मुताबिक स्थानीय सराफा बाजार में ज्वेलरों की लिवाली बढ़ने और विदेशी बाजारों के मजबूत रुझानों के कारण सोने के भाव में तेजी आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव 1,358 डॉलर प्रति औंस (28.35 ग्राम) पर पहुंच गया, जो अप्रैल 2018 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी रिसर्च प्रमुख हरीश वी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विकास दर घटने की भविष्यवाणी, व्यापार युद्ध से जुड़े तनाव में बढ़ोतरी और अमेरिका में मुख्य नीतिगत ब्याज दर घटने की उम्मीद के कारण निवेशकों ने सोने में पूंजी लगाने का फैसला किया है।
तो इसलिए पाकिस्तान में आम आदमी को पड़े खाने के ‘लाले’, जानें क्यों?
आर्थिक और राजनीतिक अनिश्चितता के समय आम तौर पर सोने में तेजी दर्ज की जाती है। न्यूयॉर्क में सोने में 1,356.70 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी में 15.11 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार हुआ। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसद खरा सोना 300 रुपये उछलकर 33,870 रुपये और 99.5 फीसद खरा सोना भी इतनी ही मजबूती के साथ 33,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया।
आठ ग्राम सोने की गिन्नी 26,700 रुपये प्रत्येक के भाव पर कायम रही। चांदी हाजिर 550 रुपये उछलकर 38,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वीकली डिलीवरी भी 614 रुपये उछलकर 37,439 रुपये प्रति किलोग्राम की हो गई। चांदी के सिक्कों की कीमत प्रति सैकड़ा 80,000 रुपये खरीद और 81,000 रुपये बिक्री के स्तर पर कायम रही।





