तेज आंधी और बारिश ने भले राज्यवासियों को गर्मी से दी राहत परंतु साथ तबाही भी लाया…

तेज आंधी और बारिश ने भले राज्यवासियों को गर्मी से राहत दी परंतु ये अपने साथ तबाही भी लाया। कश्मीर संभाग में मंगलवार शाम तेज हवाओं के साथ हुई बारिश लोगों पर कहर बनकर बरसी। बांडीपोरा में जहां मकान पर पेड़ गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई वहीं गांदरबल में कुल्ले पर पेड़ गिरने से गुज्जर समुदाय के एक व्यक्ति की मौत जबकि दो अन्य घायल हो गए। यही नहीं बारिश के बाद नदी-नालों में आए उफान के कारण कई पुल बह गए और तटबंध बह जाने के कारण बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुस आया। प्रशासन अपने तौर पर लोगों का मदद पहुंचा रही है जबकि स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले के चंदाजी गांव में तेज हवा की चपेट में आकर एक पेड़ मकान पर आ गिरा और उसमें दबकर दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतक की पहचान शरीफा बेगम और मुबेना बानो के रूप में हुई है। यह घटना मंगलवार रात की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात तेज आंधी और बारिश के कारण चांदजी गांव में मकान से सटा एक पेड़ गिर गया। पेड़ सीधा मकान पर आ गिरा जिसके कारण वह ढह गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय मकान में दो महिलाएं मौजूद थी। मलवे में दबकर दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह मलवा हटाया गया और दोनों महिलाओं के शव निकाले गए।

बांडीपोरा में हुई इस मुसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव भी हो गया है। यही नहीं पपचन में कुछ पुराने पुल और नदी तटबंध भी बह गए हैं। हालांकि अब तक अन्य किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

वहीं गांदरबल जिले के रामवारी गुंड के ऊपरी जंगलों में डेरा डाले गुज्जर समुदाय के एक व्यक्ति की कुल्ले पर पेड़ गिरने से मौत हो गई जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। मृतक की पहचान मोहम्मद यूसुफ कालदा (36) पुत्र अब्दुल गनी कालदा निवासी राजौरी के रूप में हुई है। जबकि घायलों में गुलाम हेदर और अब्दुल लतीफ पुत्र महमूद शामिल हैं।

इसके अलावा मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में सोगाम पुल के पास दुधगंगा नाले के बीच भी दो चरवाहे लगभग 400-500 भेड़ें, बकरियों के साथ फंस गए।रात भर हुई बारिश के कारण नाले में बाढ़ गई और चरवाहे अपने पशुओं के साथ वहां से निकल नहीं पाए। इस बात का पता चलते ही प्रशासन और स्थानीय स्वयं सेवक के सदस्य उनकी मदद को वहां पहुंच गए। एक अस्थायी ओवरपास का निर्माण किया और चरवाहों को पशुओं के साथ वहां से निकाल लिया गया।

यही नहीं तेज आंधी व बारिश ने कश्मीर के कई हिस्सों में कहर बरपाया है। इसकी चपेट में आकर कई घर, दुकानें और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के तंगमर्ग इलाके में 11-12 जून की रात को बाढ़ के कारण पुल ढह गया। यह पुल (श्राई ब्रिज) चेंगमरा, चैक, चंगेल, वनिगम, कुल्हामा, दरहामा, बुडकोटे, रिंगावरी, गोगलडोर, दाराकाशी, मुशीखुर, झंडपाल और गंगवानी सहित 14 गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ता है।

Back to top button