‘तुम नहीं मरोगे तो छुट्टी कैसे होगी?’छात्र ने बताई घटना की पूरी कहानी

पीड़ित छात्र रितिक ने एसपी टीजी हरेंद्र कुमार द्वारा प्यार और दुलार देते हुए की गई पूछताछ में यह बयान दिया।
उसने पुलिस को जो बताया, वह हरियाणा के प्रतिष्ठित स्कूल में पिछले वर्ष एक और अबोध बच्चे की स्कूल के छात्र द्वारा की गई नृशंस हत्या के जैसा बना देता है।
एसपी टीजी ने बच्चे से बातचीत की तो पाया कि वह काफी सहमा हुआ है। परिवार वालों और स्कूल ने घटना के दिन पुलिस को सूचित नहीं किया था। वहीं बच्चा दशहत में था।
हरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार शाम उन्होंने बातचीत से पहले बच्चे को सामान्य करने का प्रयास किया, जिसके बाद वह खुलकर बातचीत करने लगा। रितिक ने बताया कि लड़की कह रही थी कि ‘मुझे स्कूल से छुट्टी चाहिए। तुम मरोगे तो स्कूल की छुट्टी हो जाएगी।’
बच्चे ने बताया कि उसकी क्लास दूसरी मंजिल पर थी, स्कूल आने के बाद प्रेयर का समय हो चुका था। इसलिए मैं जल्दी से अपनी क्लास में पहुंचा और वहां अपना बैग रखा। मैं प्रेयर में जा ही रहा था कि लड़की ने मुझे पकड़ लिया और अपने साथ ले गई।





