डोभाल ने पाकिस्तान में चीनी वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले की कड़ी निंदा की

बीजिंग: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने पाकिस्तान के कराची शहर में चीनी वाणिज्य दूतावास पर हुए आतंकी हमले की शनिवार को कड़ी निंदा की. गौरतलब है कि भारी मात्रा में हथियारों से लैस तीन आत्मघाती हमलावरों ने शुक्रवार को कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास पर हमला कर दो पुलिसकर्मियों सहित चार लोगों की हत्या कर दी थी. हालांकि, इसके बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों को मार गिराया था. चीनी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है, जिसके मुताबिक डोभाल ने हमले की कड़ी निंदा की. 
शनिवार को चीन के चेंगदु शहर में सीमा मुद्दे पर हुई विशेष प्रतिनिधियों की 21वें दौर की वार्ता के समापन पर यह बयान जारी किया गया. डोभाल और चीनी स्टेट काउंसलर एवं विदेश मंत्री वांग यी ने अपने-अपने देश का वार्ता में प्रतिनिधित्व किया. वांग ने अपनी टिप्पणी में कहा कि दूतावासों पर इस तरह के हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. वहीं, भारत और चीन ने सीमा के जटिल सवाल के “निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक स्वीकार्य” हल के लिए यथाशीघ्र अपने प्रयासों की गति को “तेज” करने का संकल्प जताया.
सीमा वार्ता के लिये बनाए गए विशेष प्रतिनिधियों ने कहा कि अंतिम समाधान के लंबित रहने तक दोनों देशों को सीमा पर शांति और संयम बरतना चाहिए जिससे यह सुनिश्चित हो कि विवाद विकास के द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित नहीं करे. उन्होंने यह भी कहा कि इस समस्या का शीघ्र समाधान मूल हितों के उद्देश्यों को साधेगा. गौरतलब है कि भारत-चीन के बीच 3488 किलोमीटर की वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को लेकर विवाद है. चीन अरूणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा मानता है.





