डोनाल्‍ड ट्रंप का दावा, अमेरिका में हो रही दुनिया की सबसे ज्‍यादा कोविड-19 की जांच

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि कोविड-19 संबंधी अमेरिका का जांच कार्यक्रम दुनिया में सबसे बड़ा है, जो कि रूस, चीन, भारत और ब्राजील जैसे बड़े देशों से बेहतर है। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में बैठक में कहा कि हमारा देश उन देशों में शामिल है, जहां मरने वालों की दर सबसे कम है।

अमेरिका में 34 लाख से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और 1,37,000 से अधिक लोगों की इससे जान जा चुकी है। ये दोनों ही आंकड़ें अन्य देशों की तुलना में सबसे अधिक है। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाने की वजह से इतने अधिक मामले हैं।
उन्होंने कहा कि हम बाकियों की तुलना में अधिक जांच करते हैं। जब आप जांच करते हैं तो मामले सामने आते हैं। मैं आपको बता सकता हूं कि कुछ देश किसी के अस्पताल या डॉक्टर के पास आने पर ही जांच करते हैं। वे इस तरह से जांच करते हैं, इसलिए उनके देश में मामले सामने नहीं आ रहे।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि हम बेहतरीन काम कर रहे हैं। हम टीका बनाने को लेकर अच्छा काम कर रहे हैं। हम उपचार पद्धति को लेकर अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमें जल्द ही अच्छी खबर सुनने को मिलेगी।

Back to top button