ट्विटर पर भी ले सकेंगे लाइव टीवी और एक्सक्लूसिव कॉन्सर्ट का ये ख़ास मजा…

अब माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर लाइव टीवी का मजा ले सकेंगे। ट्विटर ने इसके लिए दर्जन भर वीडियो कंटेंट पार्टनर्स से करार किया है। इस करार में ब्लूमबर्ग जैसे दिग्गज शामिल हैं।

कंपनी ने घोषणा की है कि ब्लूमबर्ग के साथ मिलकर ट्विटर 24 घंटे वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विस शुरू करेगा। ट्विटर एक दर्जन से ज्यादा कंटेंट पब्लिशर्स के साथ मिलकर ट्विटर वीडियो प्रोग्रामों को लाइव ब्रॉडकास्ट करेगा।
पिछले कुछ सालों से ट्विटर लाइव वीडियो में काफी प्रयोग कर रहा है ताकि इसे बेहतर तरीके से पेश किया जा सके। कुल मिलाकर फिलहाल ट्विटर ने एक दर्जन से ज्यादा वीडियो पार्टनर बनाए हैं। इनमें वायकॉम, बजफीड , वॉक्स मीडिया और डब्ल्यूएनबीए जैसे पार्टनर शामिल हैं।
सुबह की न्यूज के लिए बजफीड के साथ पार्टनर्शिप की गई है। इसके तहत करेंट इवेंट शो दिखाया जाएगा। यानी ट्विटर पर मॉर्निंग न्यूज देख सकेंगे जिसका नाम मॉर्निंगफीड होगा। ट्विटर के इस शो को फूड चैन वेंडीज स्पॉन्सर करेगी।
इसके अलावा टेक्नोलॉजी की खबरों के लिए ट्विटर ने वॉक्स मीडिया की टेक्नोलॉजी वेबसाइट दी वर्ज के साथ करार किया है।
इसके तहत हर हफ्ते वर्ज की तरफ से लाइव टेक शो आयोजित किया जाएगा। इस शो में तकनीक से जुड़ी खबरें मिलेंगी। इस शो का नाम सर्किट ब्रेकर होगा।
ट्विटर के मुताबिक कंपनी ने वायकॉम के साथ पार्टनर्शिप की है। इसके तहत अवॉर्ड शो की लाइव स्ट्रीमिंग ट्विटर पर ही की जाएगी। यानी एमटीवी मूवी और टीवी अवॉर्ड्स सीधे ट्विटर पर ही देखे जा सकेंगे।
ट्विटर ने लाइव नेशन के साथ भी करार किया है। इसके तहत ट्विटर पर एक्सक्लूसिव कॉन्सर्ट और ऑरिजनल कंटेंट की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।
यह भी पढ़े: रिलायंस जियो को टक्कर देने आई अनिल अम्बानी की कंपनी मिलेगा 70GB इंटरनेट डेटा
इसके अलावा टेलेंट एजेंसी आईएमजी के साथ की गई पार्टनर्शिप से फैशन वीक रनवे शो भी ट्विटर पर देखे जा सकेंगे। इसके अलावा ट्विटर पर स्पोर्ट्स और टूरिज्म के भी प्रोग्राम चलाए जाएंगे। स्पोर्ट्स के लिए ट्विटर ने एनएफएल, द प्लेयर्स ट्रिब्यून, पीजीए टूर आदि के साथ पार्टनर्शिप की है।
गौरतलब है कि हाल ही में ट्विटर के बिकने की खबरें आ रही थीं और बताया जा रहा था कि कंपनी लगातार नुकसान में है, लेकिन अब ट्विटर इस नए प्लान के साथ वीडियो पर फोकस करने की तैयारी में है।





