ज्यादा पककर पिलपिला हो गया है खरबूजा? फेंकने के बजाय मिनटों में बनाएं रिफ्रेशिंग समर ड्रिंक

मीठा और रसीला खरबूजा हर किसी को पसंद होता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि हम बाजार से खरबूजा लाते हैं और वह रखे-रखे ज्यादा पक जाता है। वह इतना पिलपिला हो जाता है कि उसे काटकर खाने का मन ही नहीं करता। ऐसे में, हम अक्सर उसे खराब समझकर कूड़े में फेंक देते हैं।
अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो अब अपनी आदत बदल लीजिए। जी हां, क्या आपको पता है कि ज्यादा पका हुआ खरबूजा असल में स्वाद और मिठास से भरपूर होता है? इससे बना रिफ्रेशिंग शेक न सिर्फ आपकी दिन भर की थकान मिटाएगा, बल्कि पीने में इतना स्वादिष्ट होगा कि अगली बार आप जानबूझकर खरबूजे को ज्यादा पकने के लिए छोड़ देंगे।
खरबूजा शेक बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
यह शेक बनाना बहुत ही आसान है और इसके लिए आपको बाजार से कुछ भी खास लाने की जरूरत नहीं है। सारी चीजें आपकी रसोई में ही मिल जाएंगी:
पका हुआ खरबूजा: 1 (बीज और छिलका हटा हुआ)
ठंडा दूध: 1 गिलास (फ्रिज में रखा हुआ)
चीनी या शहद: 1 से 2 चम्मच (ध्यान रहे, ज्यादा पका खरबूजा पहले से बहुत मीठा होता है, इसलिए मीठा कम ही डालें)
बर्फ के टुकड़े: 4 से 5
इलायची पाउडर: 1 चुटकी (बढ़िया खुशबू और स्वाद के लिए)
ड्राई फ्रूट्स: गार्निशिंग के लिए थोड़े से बारीक कटे हुए बादाम या पिस्ता
खरबूजा शेक बनाने का आसान तरीका
मिनटों में तैयार होने वाले इस स्वादिष्ट शेक को बनाने के लिए बस ये आसान स्टेप्स फॉलो करें:
सबसे पहले खरबूजे को धोकर बीच से काट लें और उसके बीज निकाल दें, क्योंकि खरबूजा पिलपिला है, इसलिए आपको इसे काटने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। बस एक चम्मच लें और उसकी मदद से सारा गूदा खुरच कर एक बर्तन में निकाल लें।
अब मिक्सी का जार लें और उसमें खरबूजे का गूदा डालें। साथ में चीनी या शहद डाल दें। मिक्सी को कुछ सेकंड के लिए चलाएं ताकि खरबूजे का एक स्मूद पेस्ट बन जाए और कोई भी टुकड़ा बाकी न रहे।
जब पेस्ट तैयार हो जाए, तो उसमें एकदम ठंडा दूध, इलायची पाउडर और बर्फ के टुकड़े डाल दें।
मिक्सी को एक बार फिर से तेज स्पीड पर 30-40 सेकंड के लिए चलाएं। इससे दूध और खरबूजा अच्छी तरह मिल जाएंगे और शेक में एक बढ़िया सा झाग आ जाएगा।
आपका टेस्टी और रिफ्रेशिंग खरबूजा शेक बिल्कुल तैयार है। इसे एक कांच के गिलास में निकालें और ऊपर से बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर सजाएं।
अगर आपको वनीला आइसक्रीम पसंद है, तो सर्व करते समय गिलास में एक चम्मच आइसक्रीम भी डाल सकते हैं। इससे इसका स्वाद दोगुना हो जाएगा।
जब भी घर में कोई फल ज्यादा पक जाए, तो अपनी क्रिएटिविटी दिखाएं। यह शेक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बहुत पसंद आएगा और आपका कोई भी फल कभी बर्बाद नहीं जाएगा।





