जेडीयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि तेजस्वी को राहुल से सीख लेकर दे देना चाहिए इस्तीफा

जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के नए राजनीतिक गुरु कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बन गए हैं। अपने गुरु का अनुसरण करते हुए तेजस्वी को भी लोकसभा चुनाव में हुई पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। तेजस्वी अपने नए गुरु से कुछ सीख लेने के बदले पटना से भागे हुए हैं। लेकिन भागने से काम नहीं चलेगा, यह किसी समस्या का समाधान नहीं है। 
संजय सिंह ने तंज कसा कि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) आइसीयू में भर्ती है। तेजस्वी यादव फेल हो चुके हैं, इसलिए अब उन्हें बड़े भाई तेज प्रताप यादव को मौाका देना चाहिए।
पार्टी में कोई नेता न अभिभावक
उन्होंने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की हालत खराब है। पार्टी का नेता-अभिभावक कोई नहीं है। कार्यकर्ता नेतृत्वविहीन हो गए हैं। किसी को कोई दिशानिर्देश नहीं मिल रहा है। सभी अपने मन से कहीं भी आ जा रहे हैं। पूरी पार्टी ही आइसीयू में पड़ी है। तेजस्वी खुद अज्ञातवास में हैं।
तेजस्वी हुए फेल, अब तेज प्रताप काे मौका दे आरजेडी
राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद जेल में हैं। किसी को कोई राय लेनी हो तो रांची जाना पड़ता है। तेजस्वी के नेतृत्व में लोकसभा का चुनाव लड़ा गया। बुरी हार हुई। अब विधानसभा का चुनाव तेज प्रताप के नेतृत्व में लड़कर आजमाना चाहिए। तेज प्रताप को भरोसा है कि वे आरजेडी को चला लेंगे। उन्हें एक मौका दिया जाना चाहिए।





