जल्द ही मिलेगा बसों में महिलाओं की मुफ्त यात्रा को लेकर डीटीसी ने परिवहन मंत्री को भेजा प्रस्ताव

मेट्रो और डीटीसी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा योजना आप सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो दिल्ली में रोजाना यात्रा करने वाली लाखों महिलाओं की जिंदगी में असर डालने वाली है। यह योजना अब जल्द ही धरातल पर उतरने को तैयार है। इस योजना का दिल्ली की लाखों महिलाओं को लाभ मिलने वाला है।
अच्छी बात यह है कि बसों में महिलाओं की मुफ्त यात्रा को लेकर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने परिवहन मंत्री को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा दिया जाएगा। प्रस्ताव के मुताबिक सरकार हर महिला यात्री पर औसतन दस रुपये खर्च करेगी।
दिल्ली की बसों में 40 लाख से ज्यादा लोग रोज सफर करते हैं, ऐसे में सब्सिडी देने से सरकारी खजाने पर करीब 300 करोड़ रुपये का भार आएगा। दिल्ली सरकार महिलाओं के मुफ्त सफर के वादे को फिलहाल बसों से शुरू करना चाहती है। दिल्ली सरकार अब जल्द ही मेट्रो व बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर कराने की योजना को अमलीजामा पहनाने वाली है।
अच्छी बात यह है कि इसका लाभ एनसीआर क्षेत्र की महिलाओं को मिलने की संभावना है। बता दें कि दिल्ली मेट्रो में महिलाओं को मुफ्त सफर कराए जाने को लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (Delhi Metro Rail Corporation) ने भी जून में प्रस्ताव बनाकर आम आदमी पार्टी (aam aadmi party) सरकार को सौंप दिया है।
ये है मेट्रो का प्लान
डीएमआरसी द्वारा सरकार को भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक पहले तरीके में महिलाएं टोकन और कार्ड दोनों ही इस्तेमाल कर पाएंगी। इसके लिए दिल्ली मेट्रो को पूरा सॉफ्टवेयर सिस्टम बदलना पड़ेगा। इसमें एक साल से ज्यादा समय लगेगा। वहीं दूसरा तरीका यह है कि महिलाओं को पिंक टोकन दिया जाए। स्टेशन पर महिलाओं के लिए प्रवेश द्वार अलग होगा।





