जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल जीसी मुर्मू होंगे देश के नए सीएजी, राजीव महर्षि की लेंगे जगह

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल जीसी मुर्मू को देश का नया सीएजी (कम्पट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल) नियुक्त किया गया है। केंद्र की मोदी सरकार ने गुरुवार को इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया।
जीसी मुर्मू, राजीव महर्षि की जगह लेंगे। राजीव महर्षि को साल 2017 में सीएजी नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल तीन साल का रहा।
बता दें कि गिरीश चंद्र मुर्मू गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें पिछले साल अक्टूबर में जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल बनाया गया था। मुर्मू गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्य मंत्री रहते हुए उनके प्रधान सचिव रह चुके हैं। पिछले साल जम्मू-कश्मीर के एलजी नियुक्त किए जाने से पहले वो फाइनेंस मिनिस्ट्री में सचिव पद पर तैनात थे।





