जम्मू-कश्मीर: ब्लैकआउट से लेकर मलबे में फंसे लोगों के रेस्क्यू तक…

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के लिए रात में ब्लैकआउट और हवाई हमले जैसी स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की। सरकारी पीजी कॉलेज के मैदान में हुए इस अभ्यास में नागरिक प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य लोगों को आपात परिस्थितियों में सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक करना था। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच तालमेल, चेतावनी प्रणाली, अस्पतालों की तैयारी, एंबुलेंस की प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों की क्षमता को परखा गया।
उधमपुर के तहसीलदार जय सिंह ने बताया कि इस अभ्यास के दो प्रमुख उद्देश्य थे। पहला आम लोगों को ऐसी परिस्थितियों में बचाव और सुरक्षा के तरीके बताना और दूसरा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना ताकि किसी वास्तविक संकट के दौरान प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जा सके।
सिविल डिफेंस के डीएसपी एवं डिप्टी कंट्रोलर मसूफ अहमद ने बताया कि जिले के उपायुक्त के नेतृत्व में दो मॉक अभ्यास आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य सभी कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों को किसी वास्तविक आपात स्थिति में लोगों की मदद करने के लिए तैयार करना है।
अभ्यास के दौरान ब्लैकआउट और एयर रेड अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद कॉलेज में हवाई हमले से इमारत क्षतिग्रस्त होने और लोगों के फंसे होने की काल्पनिक सूचना दी गई। एनडीआरएफ की 13वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट उत्तम सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और विशेष उपकरणों की मदद से मलबे में फंसे चार लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया।
इस अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल एवं आपातकालीन सेवाओं, सिविल डिफेंस, पुलिस, स्वयंसेवकों और मेडिकल टीमों ने मिलकर काम किया।
इससे पहले वीरवार को अनंतनाग में भी जिला प्रशासन ने पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग और सिविल डिफेंस के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की थी। अक्तूबर में कुलगाम पुलिस ने अहारबल में आतंकवाद विरोधी मॉक ड्रिल कर सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों और समन्वय का आकलन किया था।





