जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर लिया है। फिलहाल ऑपरेशन जारी है।
पुलवामा के बडगाम में यह मुठभेड़ चल रही है। फिलहाल एक आतंकी को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
सुरक्षाबलों को खुफिया एजेंसियों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि बडगाम में आतंकी छिपे हैं, इस पर सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की।
सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। फिलहाल एक आतंकी को मारे जाने की खबर है। ऑपरेशन जारी है।
सोपोर में आतंकियों ने पुलिसकर्मी की हत्या की
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में शुक्रवार देर रात आतंकियों ने घर में घुसकर एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गए। सुरक्षा बलों ने आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।
सोपोर के डंगरपोरा इलाके के वारपोरा गांव में आतंकी रात लगभग पौने 11 बजे पुलिसकर्मी जावेद अहमद लोन के घर में घुस गए। उन्होंने जावेद को निशाना बनाकर फायरिंग की। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल पास स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी सोपोर जावेद इकबाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लोन पुलिस विभाग में फालोअर था और इन दिनों छुट्टियों पर घर गया था।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। ज्ञात हो कि बारामुला के उड़ी में शनिवार को निकाय चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान होना है।
शोपियां में सर्च आपरेशन के बाद पथराव
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों की तरफ से चलाए गए सर्च आपरेशन के बाद पथराव और झड़पें देखने को मिलीं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को 34 आरआर, 23 पैरा, 14 बीएन सीआरपीएफ और पुलिस के विशेष दल ने एक आतंकी की सूचना के आधार पर जैसे ही इलाके में आपरेशन शुरू किया तो स्थानीय युवा भीड़ की शक्ल में आ गए और सुरक्षा बलों पर पथराव करने लगे।
सूत्रों के अनुसार सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि शोपियां के नादिगाम गांव में कुछ संदिग्ध हरकत देखी गई है। यह भी सूचना मिली कि इस क्षेत्र में एक आतंकी है। इस आधार पर सुरक्षा बल ने सर्च आपरेशन शुरू किया। इसमें बाधा डालने के लिए स्थानीय युवाओं के एक दल ने आपरेशन में शामिल सुरक्षा कर्मियों पर पथराव किया।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस का प्रयोग किया। इन झड़पों में सुरक्षा बलों के साथ-साथ कई प्रदर्शनकारी भी घायल हो गए हैं।