जन्म लेते ही मार दी दो बेटियां, एक को टॉयलेट में फेंका, दूसरी को गाड़ दिया


एसएसपी दीपक कुमार का कहना है कि दोनों ही घटनाएं दिल दहला देने वाली हैं। कैंट स्थित कमांड अस्पताल में रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे इमरजेंसी के टॉयलेट की सीट में बच्ची की लाश पड़ी मिली। आसपास खून बिखरा था। टॉयलेट में बच्ची का शव मिलने की खबर से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़े: आप भरोसा रखिए, जल्द अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी होगा कानून का राज: अमित शाह
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लोगों ने बच्ची का शव पॉलिथीन अथवा किसी अन्य जरिए से छिपाकर टॉयलेट में फेंकने की आशंका जताई।हालांकि, पुलिस का मानना था कि गर्भवती टॉयलेट गई और वहीं उसे प्रसव हो गया। हो सकता है कि बच्ची मृत अवस्था में पैदा हुई हो इसलिए शव छोड़कर चली गई।
अस्पताल प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली पर उसमें कोई भी महिला टॉयलेट की तरफ जाती नहीं दिखी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है। कैंट थाना प्रभारी धर्मेंद्र दुबे ने बताया कि शव की पहचान के लिए डीएनए सैंपल सुरक्षित रखा गया है।
आखिर कौन गाड़ गया बच्ची को…
दूसरी हृदयविदारक घटना गुडंबा के मिश्रीपुर की है। यहां के प्रधान केशव यादव ने बताया कि सोमवार सुबह गांव के ही एक बाग में बबूल के पेड़ों के बीच कुछ कुत्ते लड़ रहे थे। लोगों ने पास जाकर देखा तो कुत्ते एक गड्ढे में दबी बच्ची के शव का हाथ नोंच रहे थे। राहगीरों ने कुत्तों को भगाकर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही आसपास के गांव से सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस का कहना है कि शव बच्ची का था जिसे शायद रविवार रात अथवा सोमवार सुबह कोई गड्ढे में गाड़ गया।
कुत्तों ने शव का दायां हाथ व शरीर का कुछ हिस्सा नोंच खाया था। पुलिस के मुताबिक बच्ची किसकी थी, वह जिंदा पैदा हुई थी या मृत, उसे कब कौन गाड़ गया, इसकी पड़ताल की जा रही है।





