गुजरात हिंसा: विवादों में घिरे विधायक ठाकोर से राहुल गांधी ने की फोन पर बात

गुजरात में हिंदी भाषी प्रवासियों पर हमले को लेकर आलोचनाओं से घिरे कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने फोन पर बात की है. बता दें बीजेपी लगातार अल्पेश ठाकोर को लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रही है.गुजरात हिंसा: विवादों में घिरे विधायक ठाकोर से राहुल गांधी ने की फोन पर बात

इससे पहले अल्पेश ठाकोर ने मंगलवार (9 अक्टूबर) को बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा एवं दावा किया कि वह या उनका संगठन हिंसा में शामिल नहीं है जिसकी वजह से लोग जा रहे हैं.  गुजरात की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ठाकोर और उनके संगठन गुजरात क्षत्रिय-ठाकोर सेना को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहरा रही है. इन हमलों के सिलसिले में दर्ज कुछ प्राथमिकियों में भी इस संगठन का नाम है.

अल्पेश ठाकोर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चिट्ठी लिखी है और दोनों ही चिट्ठियों का मजमून एक ही है. गुजराज से जाने वाले ज्यादातर प्रवासी इन्हीं दोनों राज्यों से हैं. कांग्रेस विधायक ने कहा कि वह केवल बलात्कार पीड़िता के लिए इंसाफ मांग रहे थे लेकिन कुछ लोगों ने इसे राजनीतक रंग दे दिया. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग अफवाहों पर आंख बंद कर विश्वास कर रहे हैं और गुजरात से जा रहे हैं, तथा हमले सुनियोजित साजिश हैं.

चौदह महीने की एक बच्ची के साथ कथित रूप से बलात्कार करने को लेकर 28 सितंबर को बिहार के एक मजदूर की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क गई थी. बच्ची ठाकोर समुदाय से है.

बता दें मंगलवार को केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने अपने ट्वीट में कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर पर घृणा अभियान चलाने का आरोप लगाया और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से ठाकोर को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की .

जावड़ेकर ने कहा,‘राहुल गांधी को नागरिकों के खिलाफ अल्पेश ठाकोर के कथित घृणा अभियान पर कांग्रेस का रूख स्पष्ट करना चाहिए.’ उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस अध्यक्ष को घृणा अभियान चलाने के लिये पार्टी विधायक अल्पेश ठाकोर को निष्कासित करना चाहिए.’

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी जेएनयू में राष्ट्र विरोधी नारा लगाने वालों के साथ खड़ी थी और अब वह भारत को बांटने के अभियान को लागू करने में लगी है.

Back to top button