खाने में लाजवाब लेकिन बेहद जहरीली है ये मछली, सिर्फ कुछ ही शेफ को आता है बनाना

दुनिया भर में कई ऐसी चीजें हैं जो स्वादिष्ट तो होती हैं लेकिन उनके साथ खतरा भी जुड़ा होता है. ऐसी ही एक मछली है फुगु, जिसे पफरफिश या ब्लोफिश भी कहते हैं. यह जापानी व्यंजन के रूप में मशहूर है. इसका स्वाद इतना अनोखा और लाजवाब है कि लोग हजारों रुपये खर्च करके इसे खाने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन यह मछली बेहद जहरीली भी है.
पकाने में एक छोटी सी लापरवाही खाने वाले की जान ले सकती है. फुगु मछली में टेट्रोडोटॉक्सिन (TTX) नाम का घातक न्यूरोटॉक्सिन पाया जाता है. यह जहर साइनाइड से भी 1200 गुना ज्यादा खतरनाक है. मछली के लीवर, अंडाशय, आंत और त्वचा में यह जहर सबसे ज्यादा होता है. इतना जहर कि एक मछली 30 से ज्यादा लोगों को मार सकती है. सबसे डरावनी बात यह है कि यह जहर रंगहीन, गंधहीन और स्वादहीन होता है.
जहर हटाने की खास ट्रिक
मछली में मौजूद जहर पकाने या उबालने से भी नष्ट नहीं होता. जापान में फुगु को साफ करने और परोसने के लिए शेफ को खास लाइसेंस लेना पड़ता है. इसमें दो साल की ट्रेनिंग के बाद लिखित और प्रैक्टिकल परीक्षा पास करनी होती है. प्रैक्टिकल में शेफ को मछली को जीवित अवस्था में साफ करना होता है. जहर वाले हिस्सों को बिना छुए अलग करना पड़ता है. परीक्षा में अगर जहर की एक बूंद भी मांस में चली गई तो उम्मीदवार फेल हो जाता है. सिर्फ 35 प्रतिशत उम्मीदवार ही इसमें पास होते हैं. सिर्फ लाइसेंस्ड शेफ ही फुगु परोस सकते हैं. फिर भी हर साल जापान में कुछ केस सामने आते हैं, जिसमें इसे खाने से लोगों की मौत हो जाती है.
घर पर रिस्क लेते हैं लोग
मौत के ज्यादातर मामले उन लोगों के होते हैं जो घर पर खुद इसे बनाने की कोशिश करते हैं. पुराने आंकड़ों में 1958 में एक साल में 176 मौतें हुई थी. अब सख्त नियमों के कारण मौतें कम हो गई हैं, लेकिन खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. इसके जहर से शुरू में मुंह के आसपास झुनझुनी, चक्कर आना, उल्टी और कमजोरी होती है. फिर शरीर का लकवा शुरू हो जाता है. व्यक्ति होश में रहता है लेकिन हिल भी नहीं सकता. सांस की मांसपेशियां बंद हो जाती हैं और जहर से मौत हो जाती है. इसका कोई एंटीडोट नहीं है. सिर्फ सपोर्टिव ट्रीटमेंट जैसे वेंटिलेटर पर रखना ही बचाव है.
फिर भी क्यों खाते हैं लोग?
इतना रिस्की होने के बाद भी लोग इसे खाते हैं क्योंकि ठीक से तैयार की गई फुगु बेहद स्वादिष्ट होती है. इसका मांस नरम, हल्का मीठा और अनोखा स्वाद वाला होता है. इससे साशिमी (कच्ची कटी हुई), फुगु सूप और अन्य डिशेज बनाई जाती हैं. कुछ शेफ जानबूझकर बहुत कम मात्रा में जहर छोड़ देते हैं ताकि मुंह में हल्की झुनझुनी हो, जो कुछ लोग आनंददायक मानते हैं. जापान के अलावा चीन, कोरिया और कुछ अन्य देशों में भी पफरफिश खाई जाती है. लेकिन जापान में यह सबसे ज्यादा पॉपुलर है. टोक्यो और अन्य शहरों में स्पेशल रेस्टोरेंट हैं जहां सिर्फ फुगु परोसी जाती है. एक प्लेट की कीमत हजारों रुपये तक हो सकती है.





