खत्म हुआ 71 साल का सूखा, टीम इंडिया ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में जीती टेस्ट सीरीज

टीम इंडिया ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सोमवार को सिडनी में खेला गया चौथा व अंतिम टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ। सिडनी टेस्ट में तीन दिन बारिश और खराब रोशनी की खलल के कारण नतीजा नहीं निकल सका।खत्म हुआ 71 साल का सूखा, टीम इंडिया ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में जीती टेस्ट सीरीजटीम इंडिया 1947 से ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर रही है, लेकिन वह इससे पहले कभी टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाब नहीं हुई। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने 2-1 से सीरीज जीतकर ऑस्ट्रेलिया में इतिहास पलट दिया। यह पहला मौका है जब भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर टेस्ट सीरीज जीती।

भारतीय टीम ने एडिलेड में पहला टेस्ट जीता, फिर पर्थ में उसे शिकस्त का सामना करना पड़ा। हालांकि, विराट ब्रिगेड ने मेलबर्न में जोरदार वापसी की और 137 रन से तीसरा टेस्ट जीतकर सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बनाई। इसके बाद सिडनी टेस्ट ड्रॉ हुआ और भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाली एशिया की भी पहली टीम बनी। विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले भारत के पहले कप्तान बने।

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान कोहली ने कहा, ‘सबसे पहले कहना चाहता हूं कि इस टीम का हिस्सा बनने पर सबसे ज्यादा गर्व है। हमारी टीम में बदलाव की प्रक्रिया इसी मैदान से शुरू हुई। मैंने कप्तानी संभाली और चार साल के बाद यहां जीत दर्ज की। इस टीम का नेतृत्व करने पर सिर्फ एक ही शब्द कहूंगा- गर्व। यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि इस टीम का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। हमारी टीम के लड़कों ने कप्तान का काम आसान किया।’

Back to top button