क्या आपके बाल भी हो गए हैं झाड़ू जैसे? ये 6 संकेत बताते हैं कि आप कर रहे हैं हद से ज्यादा ब्लीच

बालों को अलग लुक और कलर देने के लिए ब्लीचिंग भी काफी पॉपुलर ऑप्शन है। ब्लीच्ड हेयर सुंदर तो लगते हैं लेकिन जरूरत से ज्यादा ब्लीचिंग बालों की चमक और उसकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस आर्टिकल में जानेंगे कि किन लक्षणों से ओवर ब्लीचिंग का पता चलता है और कैसे आप अपने ब्लीच किए बालों की केयर कर सकते हैं।
झाड़ू जैसे होने लगे बाल
अगर आपके चमकते लहराते बाल अचानक ही झाड़ू जैसे रूखे-सूखे नजर आने लगें तो यह ओवर ब्लीचिंग की वजह से हो सकता है। ब्लीच न केवल बालों को कलर देता है, बल्कि उनकी सुरक्षा करने वाली बाहरी लेयर क्यूटिकल्स को भी डैमेज कर देता है। इन्हीं क्यूटिकल्स की वजह से बालों में नमी, चमक और स्मूदनेस रहती है।
बाल गुच्छों में टूटने लगे
थोड़े बहुत बालों का टूटना नॉर्मल है लेकिन अचानक ही बाल गुच्छों में टूटने लगे तो सतर्क हो जाने की जरूरत है। अगर इसके बाद भी बालों को ब्लीच करना जारी रखा जाए तो समस्या और भी गंभीर हो सकती है।
पिलपिले महसूस हों
यह स्टेज बालों के ओवर डैमेज की स्थिति होती है। इसमें ब्लीच बालों के कॉर्टेक्स तक पहुंच जाता है। ऐसा होने से बालों को मजबूती और शेप देने वाला प्रोटीन घुलने लगता है और बालों की इलास्टिसिटी खत्म हो जाती है। यह कुछ-कुछ ओवरकुक्ड स्पेगेटी जैसा पिलपिला लगता है।
चमक खत्म हो जाए
ब्लीच की वजह से बालों की चमक खत्म होने लगती है और बाल रूखे, चिपटे नजर आने लगते हैं। क्यूटिकल्स के डैमेज होने की वजह से बालों का स्मूद टेक्सचर रफ हो जाता है।
स्टाइलिंग नहीं होना
अगर स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बावजूद आपके कर्ल 5 मिनट से भी ज्यादा टिक ना पाएं तो यह बालों के डैमेज होने की निशानी है। इस वजह से बाल स्टाइलिंग प्रोडक्ट को अच्छी तरह एब्जॉर्ब नहीं कर पाते और उनका मॉइश्चर कुछ ही मिनटों में उड़ जाता है।
कलर टिकता नहीं
ब्लीच से डैमेज हुए बाल हेयर कलर को लंबे समय तक टिकने नहीं देते। क्यूटिकल्स के खोखलेपन की वजह से बालों का कलर एक या दो वॉश में ही निकल जाता है।
इस तरह अपने ब्लीच किए बालों की करें केयर
बालों को रूखा होने से बचाने के लिए रेगुलर डीप कंडीशनिंग करें। इसके लिए ब्लीच्ड हेयर कंडीशनर या मास्क का ही इस्तेमाल करें।
बालों को हीट के डैमेज से बचाने के लिए हीट टूल्स का इस्तेमाल करते समय अच्छी क्वालिटी के हीट प्रोटेक्टेंट स्प्रे यूज करें।
घर से बाहर निकलने से पहले लाइटवेट हेयर सनस्क्रीन लगाएं।
लिव-इन-कंडीनशर के साथ ही बालों की उलझन सुलझाएं और तेजी से कंघी न करें।





