केजीएमयू: ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों पर मरीज की मौत का आरोप, तैनात सुरक्षाकर्मियों ने चैनल बंद करके डंडे से पीटा

राजधानी स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रामा सेंटर में शनिवार देर रात एक शर्मनाक मामला सामने आया। आरोप है कि ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत हो गई। तीमारदारों ने जब इसका विरोध किया तो तैनात सुरक्षाकर्मियों ने चैनल बंद करके डंडे से पीटा। आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस भी चैनल के बाहर खड़ी मूकदर्शक बनी रही। 
ये है पूरा मामला
दरअसल, दुबग्गा क्षेत्र निवासी फैजना दुर्घटना में घायल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन फैजान को लेकर केजीएमयू के ट्रामा सेंटर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के चलते उनके मरीज फैजान की मौत हो गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो ट्रामा सेंटर में तैनात गार्डो ने चैनल बंद कर दिया। इसके बाद लाठियों से बेरामी से पीटने लगे। घटना के दौरान रात करीब एक बजे से प्रॉक्टर से लेकर कुलपति को फ़ोन लगाते रहे। लेकिन फ़ोन उठा नहीं। तड़के 4:30 बजे आर्थोपेडिक डॉ संतोष कुमार ने मामले का संज्ञान लिया।
क्या कहते हैं केजीएमयू प्रवक्ता ?
केजीएमयू के प्रवक्ता सुधीर सिंह के मुताबिक, प्रथम दृष्टया में जानकारी मिली है कि मरीज के तीमारदारों ने महिला गार्ड के साथ अभ्रदता की। जिसके बाद मौके पर तैनात गार्डों ने मामले को संभालने की कोशिश की। मामले की जांच की जाएगी।





