केएल राहुल का राजस्थान के खिलाफ ‘विराट’ कारनामा, कोहली का रिकॉर्ड किया ध्वस्त

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में खेलते हुए केएल राहुल ने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। राहुल ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। राहुल ने राजस्थान के खिलाफ अर्धशतक लगाया और इसी के साथ उन्होंने कोहली को पीछे छोड़ दिया। यही नहीं दाएं हाथ के बल्लेबाज ने एबी डी विलियर्स के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।
राजस्थान के खिलाफ राहुल ने शानदार पारी ऐसे समय में खेली, जब आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रनों का स्कोर खड़ा किया। इससे पहले के दो मुकाबले दिल्ली के लिए भूलने वाले रहे हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 264 रन बनाए लेकिन पंजाब ने मुकाबले में जीत हासिल की और आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया। तो वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में दिल्ली 75 रनों पर सिमट गई थी। ऐसे में दिल्ली ने आरआर के खिलाफ वापसी की।
केएल राहुल ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
राहुल ने राजस्थान के खिलाफ अर्धशतक लगाकर विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। उन्होंने आईपीएल के इतिहास में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सबसे अधिक बार 50 से अधिक का स्कोर बनाने के मामले में कोहली को पीछे छोड़ दिया है। विराट ने 2008 की विजेता के खिलाफ 7 बार ये कारनामा किया है। अब राहुल ने 8 बार ऐसा कर उन्हें पछाड़ दिया है। तो वहीं डी विलियर्स की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 8 बार 50 से अधिक का स्कोर राजस्थान के खिलाफ बनाया था।
राजस्थान के खिलाफ सबसे अधिक बार 50+ का स्कोर-
एबी डी विलियर्स – 8 (20 पारी)
केएल राहुल – 8 (18 पारी)
शिखर धवन – 7 (24 पारी)
विराट कोहली – 7 (33 पारी)
केएल राहुल का ऑरेंज कैप पर कब्जा
राहुल ने राजस्थान के खिलाफ 75 रनों की पारी खेलकर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया। अब उनके आईपीएल 2026 में सबसे अधिक रन हो गए हैं। 34 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 54.12 की औसत और 185.84 की स्ट्राइट रेट के साथ 433 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। आईपीएल 2026 में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर अभिषेक शर्मा का नाम है, जिन्होंने 9 मैचों में 425 रन बनाए हैं।





