कुलदीप यादव ने लगातार प्लेइंग-11 से बाहर रहने के बाद लिया बड़ा फैसला

भारत के स्पिनर कुलदीप यादव को पिछले कुछ समय से टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया जा रहा है। कुलदीप ने भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन इसके बाद भी उन्हें अंतिम ग्यारह में मौका नहीं मिल रहा है। ऐसे में उनके करियर में ये अहम मोड़ साबित हो सकता है।
कुलदीप को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज में भी मौका नहीं मिला। वे सभी मैचों में बेंच पर ही रहे। इसके बाद अब वे इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलते हुए दिखाई देने वाले हैं। उन्होंने यॉर्कशायर के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया है। यॉर्कशायर को शुक्रावार को ग्लेमोर्गन के खिलाफ मुकाबला खेलना है। इस 50 ओवर के मैच के लिए यादव को टीम में भी चुन लिया गया है। यानी कुलदीप शुक्रवार को खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।
यॉर्कशायर के साथ जुड़े कुलदीप यादव
कुलदीप को यॉर्कशायर ने चार काउंटी चैंपियनशिप के मैचों में से तीन मुकाबलों के लिए साइन किया है। इससे पहले वे पांच वनडे कप मैचों में भी खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। कुलदीप ने खुद इस मौके पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि वे यॉर्कशायर के लिए खेलने के लिए बहुत ही उत्सुक हैं। उन्हें इस क्लब के लिए खेलने से गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा, “मैं यॉर्कशायर में शामिल होकर बहुत खुश हूं। इस मौके के लिए मैं बहुत की शुक्रगुजार भी हूं। यॉर्कशायर जैसे गौरवशाली इतिहास रखने वाले क्लब के लिए खेलना मेरे लिए गर्व की बात है।”
भारतीय स्पिनर ने आगे कहा, “मुझे हमेशा ही इंग्लिश परिस्थितियों में खेलने का चैलेंज बहुत पसंद आया है। मैंने मैनेजमेंट से बात की और इसके बाद टीम से जुड़ने के लिए एक्साइटेड हो गया।” कुलदीप के टीम से जुड़ने पर यॉर्कशायर क्रिकेट के जनरल मैनेजर गैविन हैमिल्टन भी काफी खुश दिखे। उन्होंने कहा, कुलदीप बहुत ही काबिल गेंदबाज हैं। वे हमारी लाइनअप में जबरदस्त ताकत लेकर आए हैं। यहां पर जिस तरह की गर्मी देखने को मिली है, उससे सीजन के अंत में स्पिनर अहम रोल निभाएंगे। यॉर्कशायर में उनके जुड़ने से हम बहुत खुश हैं।
कुलदीप का करियर
कुलदीप ने भारत के लिए 18 टेस्ट मैच खेलते हुए 22.35 की औसत के साथ 79 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी 19 विकेट लिए थे। इसके अलावा वनडे में भी उनके 194 विकेट हैं।





