कर्नाटक के पूर्व सीएम ने एक महिला से की ‘अभद्रता’, माइक के चक्कर में खिंच ली चुन्नी

कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया पर एक महिला के साथ बदसलूकी का आरोप लगा है. ये मामला कर्नाटक के मैसुरु का बताया जा रहा है. दरअसल ये महिला सिद्धारमैया से उनके विधायक बेटे की शिकायत करने पहुंची थी. इसी दौरान ये वाकया सामने आया. इस घटना का वीडियो सामने आते ही इस मामले में सिद्धारमैया की आलोचना शुरू हो गई है.
सिद्धारमैया का बेटा यतींद्र कर्नाटक के वरुणा से विधायक है. ये विधानसभा सीट मैसुरु के अंतर्गत आती है. इस कार्यक्रम में ये महिला सिद्धारमैया से उनके बेटे की शिकायत कर रही थी. भावावेश में आकर उसने तेेज आवाज में उसकी शिकायत कर रही थी. इसी दौरान गुस्सा होकर सिद्धारमैया ने उस महिला से माइक छीना. इसी में उसकी चुन्नी भी खिंच गई. इसके बाद उन्होंने डपटते हुए उस महिला को बिठा दिया.
हालांकि वह महिला इसके बाद भी चुप नहीं हुई तो उन्होंने जबर्दस्ती उसे बिठा दिया.
2016 में भी सिद्धारमैया एक विवाद में फंस गए थे. उस समय वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री थे. इसी दैरान मंच पर एक महिला ने उनके गाल पर किस कर लिया था.
गठबंधन की सरकार में चल रही है तकरार
एक तरफ सिद्धारमैया इस विवाद में फंसते दिख रहे हैं तो दूसरी तरफ गठबंधन में चल रही उनकी सरकार की हालत भी सही नहीं है. कर्नाटक की कांग्रेस और जेडीएस सरकार पर एक बार फिर संशय के बादल मंडरा रहे हैं. एचडी कुमारस्वामी ने बयान दिया है कि वह पद छोड़ने के लिए तैयार हैं, कांग्रेस के विधायक अपनी लाइन क्रॉस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपने विधायकों को कंट्रोल करना चाहिए.
कांग्रेस के कुछ विधायकों ने बयान दिया था कि उनके नेता कुमारस्वामी नहीं बल्कि कांग्रेस के सिद्धारमैया हैं. जिस पर एचडी कुमारस्वामी ने जवाब दिया है. कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस को इन सभी मुद्दों को देखना चाहिए, अगर वो ये सब जारी रखना चाहते हैं तो मैं पद छोड़ने के लिए तैयार हूं.





